एमपी भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को बनाया सक्रिय सदस्य

Mohan

भोपाल। मध्य प्रदेश में भाजपा का सक्रिय सदस्यता अभियान शुरू हो गया है। पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को सक्रिय सदस्य बनाया।

भाजपा के सदस्यता अभियान संगठन पर्व के बाद सक्रिय सदस्य बनाने का अभियान शुरू हो गया है। इस अभियान के तहत शुक्रवार को मुख्यमंत्री मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद पार्टी के सक्रिय सदस्य बने।

सक्रिय सदस्य बनने के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि सक्रिय सदस्यता अभियान कार्यकर्ताओं को राष्ट्रहित में कार्य करने की नई ऊर्जा प्रदान करेगा। सदस्यता अभियान की तरह मध्य प्रदेश सक्रिय सदस्यता अभियान में भी इतिहास बनाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सक्रिय सदस्यता पार्टी की आंतरिक लोकतंत्र को मजबूत करता है। मैं राज्य के सभी पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान करता हूं कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्र प्रथम के संकल्प के साथ सतत आगे बढ़ने वाली भाजपा के सक्रिय सदस्य बनें। सक्रिय सदस्य बनकर कार्यकर्ता भाजपा को और अधिक सशक्त बनाने में अपना योगदान दें। मध्य प्रदेश सदस्यता अभियान की तरह सक्रिय सदस्यता अभियान में भी इतिहास बनाने का कार्य करेगा।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि शुक्रवार से मध्य प्रदेश में सक्रिय सदस्यता अभियान का विधिवत शुभारंभ हो गया है। मध्य प्रदेश ने संगठन पर्व के लक्ष्य से अधिक 1 करोड़, 53 लाख से अधिक सदस्य बनाए हैं।

शनिवार को प्रदेश के सभी मंडलों में पार्टी कार्यकर्ता अधिक से अधिक संख्या में सक्रिय सदस्य बनकर इतिहास बनाएंगे। शनिवार को मंडल स्तर तक अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को सक्रिय सदस्यता ग्रहण कराई जाएगी। मध्य प्रदेश भाजपा संगठन पर्व की तरह सक्रिय सदस्यता अभियान में भी इतिहास रचेगी। पार्टी के संविधान के अनुसार 50 प्राथमिक सदस्य बनाने वाले कार्यकर्ता सक्रिय सदस्य बन सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *