मध्य प्रदेश में भाजपा को प्रचंड बहुमत

bjp

भोपाल। मध्य प्रदेश में, सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी ने प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में वापसी की है। वहीं कांग्रेस को जबरदस्त नुकसान उठाना पड़ा है। भाजपा ने कुल एक सौ 63 सीटों पर जीत हासिल की है और उसे 54 सीटों का फायदा हुआ है। वहीं कांग्रेस को 65 सीटों पर विजय मिली है और उसे 49 सीटों का नुकसान उठाना पड़ा है।

भाजपा ने 48 दशमलव 55 प्रतिशत वोट हासिल किए है, जो 2018 के चुनाव से करीब 8 फीसदी ज्यादा हैं। वहीं कांग्रेस बीते चुनाव के बराबर वोट प्रतिशत हासिल करने में तो कामयाब रही लेकिन उसे सीटों का नुकसान हुआ है।

राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एक लाख 4 हजार वोटों से विजयी हुए हैं। भाजपा के रमेश मेंदोला और कृष्णा गौर ने भी एक लाख से ज्यादा मतों से जीत हासिल की है। भाजपा के 16 उम्मीदवार 50 हजार या इससे अधिक वोटों से चुनाव जीते हैं। शाजापुर सीट पर जीत का अंतर महज 28 वोट रहा है। कांग्रेस के 10 उम्मीदवारों को एक हजार से कम मतों से जीत हासिल हुई है।

केन्द्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, प्रह्लाद पटेल, सांसद राकेश सिंह,रीति पाठक, गणेश सिंह और वरिष्ठ नेता कैलाश विजयवर्गीय ने जीत हासिल की है जबकि केन्द्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते, भाजपा सरकार में गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा, कृषि मंत्री कमल पटेल और वरिष्ठ नेता माया सिंह चुनाव हार गयी हैं।

कांग्रेस की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह और अजय सिंह चुनाव जीते हैं तो जीतू पटवारी, पीसी शर्मा, संजय शुक्ला विजय लक्ष्मी साधौ को हार का सामना करना पड़ा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *