मध्य प्रदेश के पांच कांग्रेस विधायक भाजपा के संपर्क में हैं: गोविंद सिंह राजपूत

Rajpoot

भोपाल। लोकसभा चुनाव 2024 से पूर्व ही मध्यप्रदेश में एक बार फिर कांग्रेस नेताओं के भाजपा में शामिल होने का सिलसिला जारी है। लगातार कांग्रेस का हाथ छोड़कर नेता भाजपा में शामिल हो रहे हैं। इसी बीच मध्यप्रदेश सरकार के मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने अशोकनगर में एक कार्यक्रम के दौरान संकेत दिए हैं कि अभी तो कांग्रेस के और कई विधायक भाजपा के संपर्क में हैं और आने वाले दिनों में भाजपा कांग्रेस को और भी बड़े झटके देने वाली है।

मध्यप्रदेश के खाद्य नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने अशोकनगर में एक कार्यक्रम के दौरान संकेत दिए हैं कि मध्यप्रदेश में अभी 5-7 और कांग्रेस विधायक भाजपा के संपर्क में हैं। उन्होंने आगे कहा कि अभी कांग्रेस को और भी बड़े झटके लगने वाले हैं लेकिन हमने उन विधायकों से कह दिया है कि भाई एक-एक करके आओ। मंत्री के इस बयान के बाद ये सवाल उठ रहा है कि आखिर वो कौन कौन से कांग्रेस विधायक हैं जो आने वाले दिनों में हाथ छोड़कर भाजपा का कमल थाम सकते हैं।

कमलनाथ के गढ़ में भाजपा बड़ी सेंध लगा सकती है। अमरवाड़ा विधायक कमलेश शाह ने भाजपा में शामिल होने के बाद विधायक पद से इस्तीफा दे दिया है जो कि मंजूर कर लिया गया है और अब अमरवाड़ा में उपचुनाव होंगे। इसी बीच ये भी खबरें आ रही हैं कि जुन्नारदेव विधायक सुनील उइके और पाढुर्ना विधायक नीलेश उइके भी कांग्रेस छोड़ने का मन बना रहे हैं। यहां ये भी बता दें कि 3 दिन पहले ही 28 मार्च को भी कांग्रेस को मध्यप्रदेश में भाजपा ने बड़ा झटका दिया था और तब दो पूर्व विधायक और एक पूर्व सांसद सहित 600 कार्यकर्ता बीजेपी में शामिल हुए थे। तब जबलपुर से कांग्रेस नेता एवं पूर्व विधायक नीलेश अवस्थी एवं अजय यादव दर्जनों कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा में शामिल हुए थे। इसी बीच पूर्व सांसद डा. राम लखन सिंह ने भी अपने समर्थकों के साथ भाजपा का दामन थामा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *