इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष पद से सैम पित्रोदा ने दिया इस्तीफा

Sam

नई दिल्ली। अपनी टिप्पणी के चलते विवादों में आए सैम पित्रोदा ने बुधवार को इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया। कांग्रेस ने उनके इस्तीफे को तुरंत मंजूर कर लिया। इस बारे में कांग्रेस के कद्दावर नेता जयराम रमेश ने एक्स के जरिए जानकारी दी है।

जयराम रमेश ने एक्स पर पोस्ट जरिए कहा कि सैम पित्रोदा ने अपनी मर्जी से इस्तीफा दिया है। जयराम रमेश ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, ‘सैम पित्रोदा ने अपनी मर्जी से इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने का फैसला किया है। कांग्रेस अध्यक्ष ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया है।’

बता दें कि, सैम पित्रोदा ने भारत के बारे में बात करते हुए कहा, ‘हम भारत जैसे विविधता से भरे देश को एकजुट रख सकते हैं। जहां पूर्व के लोग चाइनीज लोगों जैसे लगते हैं, पश्चिम के लोग अरब जैसे दिखते हैं, उत्तर के लोग गोरों और दक्षिण भारतीय अफ्रीकी जैसे लगते हैं। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। हम सभी बहन-भाई हैं। भारत में अलग-अलग क्षेत्र के लोगों के रीति-रिवाज, खान-पान, धर्म, भाषा अलग-अलग हैं, लेकिन भारत के लोग एक-दूसरे का सम्मान करते हैं।’

बुधवार को जिस समय पित्रोदा का यह बयान सामने आया पीएम नरेंद्र मोदी तेलंगाना के वारंगल में चुनावी सभा कर रहे थे। उन्होंने इस बयान को लेकर राहुल गांधी पर निशाना साधा। पीएम ने सभा को संबोधित करते हुए कहा, “अमेरिका में शहजादे (राहुल गांधी) के अंकल रहते हैं, वो चमड़ी का रंग देख रहे हैं। उन्होंने चमड़ी के आधार पर देशवासियों का अपमान किया। उन्हें गाली दी।” पीएम ने आगे कहा, “शहजादे आपको गाली के लिए जवाब देना होगा। मेरे देशवासी इस अपमान को सहन नहीं करेंगे।”

पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘आज मैं बहुत गुस्से में हूं। लोग मुझे गाली दें तो मैं गाली सह लेता हूं; लेकिन शहजादे के फिलॉसफर ने इतनी बड़ी गाली दी है कि मेरे मन में गुस्सा भर गया है।’ उन्होंने आगे कहा, ‘क्या मेरे देश में चमड़ी का रंग देखकर लोगों की योग्यता तय होगी। चमड़ी के रंग का खेल खेलने का हक शहजादे को किसने दिया है। संविधान सर पर लेकर नाचने वाले लोग मेरे देश का अपमान कर रहे हैं।’

बता दें कि इंग्लिश अखबार ‘द स्टेस्टमैन’ को दिए इंटरव्यू में भारत की विविधता में एकता पर बात करते हुए सैम पित्रोदा ने भारतीय लोगों पर नस्लीय टिप्पणी कर दी। उन्होंने कहा, “हम भारत जैसे विविधता वाले देश को एक साथ रख सकते हैं। पूर्वी भारत में लोग चीन जैसे दिखते हैं, पश्चिमी के लोग अरब जैसे हैं, उत्तर वाले गोरों की तरह और दक्षिण भारतीय लोग तो अफ्रीकी जैसे दिखते हैं।” उन्होंने आगे कहा, “यह मायने नहीं रखता है, हम सभी एक हैं और भाई-बहन हैं।” सैम पित्रोदा का इंटरव्यू क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वहीं पित्रोदा के इस बयान पर बीजेपी ने कहा कि ये शब्द भले सैम पित्रोदा के हों, लेकिन सोच राहुल गांधी की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *