देवास। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव बुधवार को देवास के हाटपीपल्या में आयोजित विकास कार्यों और भूमि पूजन के लोकार्पण कार्यक्रम में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने करोड़ों रुपए की योजनाओं का सौगात दी।
मुख्यमंत्री मोहन यादव लाडली बहना से मिले और कन्या पूजन भी किया। उन्होंने कुल 190 करोड़ के 85 विकास कार्यों की सौगात दी।
मुख्यमंत्री ने बताया, नर्मदा लाइन योजना का लोकार्पण किया गया है और भविष्य में विकास के लिए माइक्रो सिंचाई योजनाओं की करोड़ लागत की मंजूरी दी है। मुझे इस बात का संतोष है कि हाटपीपल्या विधानसभा में विधायक मनोज चौधरी द्वारा कई विकास कार्य किए गए हैं और कई के लिए वह मुझसे मांग भी कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, 31 मई को राजमाता अहिल्याबाई को लेकर जो कार्यक्रम होने जा रहा है, उसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी सम्मिलित होंगे। नारी सशक्तिकरण के कार्य हों या विकास के कार्य, प्रधानमंत्री के नेतृत्व में लगातार आगे बढ़ रहे हैं। हर क्षेत्र में विकास की धार बह रही है।
कार्यक्रम की तस्वीर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा, प्रगति के नए सुपथ पर मध्य प्रदेश… आज जिला देवास के हाटपिपल्या में आयोजित कार्यक्रम में सहभागिता कर 190 करोड़ रुपए से अधिक लागत की 85 लोक-कल्याणकारी परियोजनाओं का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, भवन निर्माण, विद्युत, जल, नगरीय विकास से संबंधित ये महत्वपूर्ण परियोजनाएं विकसित मध्यप्रदेश के निर्माण की सुदृढ़ आधारशिलाएं हैं। जन-जन का जीवन पहले से और अधिक बेहतर एवं आसान बनाने के लिए हमारी सरकार पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री तिरंगा यात्रा में भी शामिल हुए। करीब 2 किलोमीटर की लंबी तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं और पुलिस भी सम्मिलित हुए। तिरंगा यात्रा का हर जगह स्वागत हुआ, वहीं सभा स्थल पर देवास जिले की विधानसभा के विधायक भी मौजूद रहे।
तिरंगा यात्रा की तस्वीर एक्स पर पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा, गीत विजय के गाए जा, अपना धर्म निभाए जा… देवास जिले के हाटपिपल्या में ऑपरेशन सिंदूर की ऐतिहासिक सफलता पर आयोजित तिरंगा यात्रा में सम्मिलित होकर मां भारती के वीर सपूतों के साहस, पराक्रम और शौर्य को नमन किया।