भोपाल। देश की प्रतिष्ठित संस्था चाइल्ड राइट्स एंड यू (CRY) द्वारा राजधानी भोपाल में आज मंगलवार को आयोजित बहु-हितधारक परामर्श बैठक में बेड़िया समुदाय के बच्चों के सशक्तिकरण से जुड़ी चुनौतियों और समाधान पर व्यापक चर्चा की गई। आज की बैठक में समुदाय प्रतिनिधियों, सरकारी अधिकारियों, पुलिस विभाग और बाल अधिकार विशेषज्ञों सहित लगभग 70 प्रतिभागियों ने भाग लिया। इस दौरान CRY की पाँच वर्षीय पहल ‘प्रोजेक्ट उड़ान’ (2021–2025) के प्रभाव प्रस्तुत किए गए, जो सागर और गुना जिलों में विशेष रूप से बालिकाओं को शिक्षा, सुरक्षा और अवसरों से जोड़ रही है।
भोपाल बुलेटिन डॉट कॉम को प्राप्त जानकारी के अनुसार आज की बैठक में एनएलआईयू भोपाल के प्रोफेसर डॉ. बीरपाल सिंह, डीआईजी (कम्युनिटी पुलिसिंग) विनीत कपूर, एआईजी अमृत मीना, डीएनटी मध्यप्रदेश के निदेशक बुद्धेश वैद्य, राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की सदस्य डॉ. निवेदिता शर्मा, राज्य महिला आयोग के सचिव सुरेश तोमर तथा साइबर सेल के एसपी प्रणय नागवंशी ने अपने विचार साझा किए।
खेल के महत्व पर अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल कोच ए. सुरेश, एकलव्य पुरस्कार विजेता शत्रुघ्न यादव और राष्ट्रीय एथलीट रितेश चौधरी ने युवाओं को प्रेरित किया। बैठक में समुदाय के बच्चों ने भी अपनी चुनौतियाँ और आकांक्षाएँ रखीं।
प्रोजेक्ट उड़ान के तहत बच्चों को शिक्षा, छात्रवृत्ति, आवासीय छात्रावास, डिजिटल साक्षरता, जीवन कौशल और करियर मार्गदर्शन से जोड़ा जा रहा है, साथ ही परिवारों को सरकारी योजनाओं और आजीविका अवसरों से भी जोड़ा गया है।
CRY की प्रोग्राम हेड (नॉर्थ) जया सिंह ने इस मौके पर बताया कि पिछले तीन वर्षों में 12 गांवों में एक भी किशोरी शोषणकारी प्रथाओं में नहीं गई है। विद्यालय नामांकन 90 प्रतिशत से अधिक हो चुका है और ड्रॉपआउट व बाल श्रम में उल्लेखनीय कमी आई है।
इस पहल से अब अधिक बालिकाएँ उच्च शिक्षा की ओर बढ़ रही हैं और समुदाय में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है।
कार्यक्रम का समापन ओपन फोरम चर्चा के साथ हुआ, जिसमें सभी हितधारकों ने निरंतर सहयोग की आवश्यकता पर जोर दिया।


