मध्य प्रदेश में कांग्रेस की प्रतिभा खोज अभियान के लिए बनी समिति

Congress

भोपाल। मध्य प्रदेश में कांग्रेस विभिन्न क्षेत्र की प्रतिभाओं को जोड़ने के लिए अभियान में जुटी है। इसके लिए उसने टैलेंट हंट अभियान शुरू किया है। इसके लिए एक राज्य स्तरीय समिति भी बनाई गई है।

राज्य में कांग्रेस ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी अभी से शुरू कर दी है। इसके लिए उसने प्रतिभा खोज अभियान चलाने का ऐलान किया और उसे जमीन पर उतारने की भी तैयारी है।

इस अभियान में पार्टी ऐसे युवाओं की तलाश करेगी जो साहित्यिक और रचनात्मक विधा में महारथ रखते हैं। वे लोग जो राज्य में कांग्रेस के पक्ष में माहौल बना सकें, ऐसे लोगों को पार्टी खोज रही है। यह वे लोग होंगे जो चुनावी प्रक्रिया से दूर रहकर संगठन कार्य में लगेंगे। यह अभियान प्रदेश और जिले स्तर पर चलेगा।

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने टैलेंट हंट के लिए एक समिति का गठन किया है, जिसमें अध्यक्ष के अलावा 11 सदस्य हैं। इस समिति का अध्यक्ष मीडिया विभाग के प्रमुख मुकेश नायक को बनाया गया है, वहीं विधायक जयवर्धन सिंह, हेमंत कटारे, आरिफ मसूद, विक्रांत भूरिया, महेश परमार के अलावा महेंद्र जोशी, शैलेंद्र पटेल, भूपेंद्र गुप्ता, मृणाल पंत, अपूर्व भारद्वाज और रानी बोरासी सेतिया को सदस्य बनाया गया है।

राज्य में कांग्रेस ने टैलेंट हंट अभियान शुरू करने से पहले ही तमाम प्रवक्ताओं को उनके पदों से मुक्त कर दिया है और यह कहा जा रहा है कि इस टैलेंट हंट के जरिए ही पार्टी प्रवक्ताओं का चयन करेगी, ताकि विभिन्न मंचों पर यह क्षमतावान और ऊर्जावान प्रवक्ता पार्टी का पक्ष मजबूती से रख सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *