मध्य प्रदेश के डिंडोरी में टायर बदलते समय ट्रक ने एक ही परिवार के पांच लोगों को रौंदा

accident

डिंडौरी। मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिले से एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। देर रात घर लौट रहे लोगों की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़े लोगों को बेरहमी से कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। एक ही परिवार के कई लोगों की मौत ने इस घटना को और भी भयावह बना दिया है।

यह भीषण सड़क हादसा किकरा तालाब के पास, जबलपुर-अमरकंटक राजमार्ग पर देर रात करीब 12:30 बजे हुआ। जानकारी के मुताबिक, परसवाह, करबे मट्ठा और उफरी गांव के रहने वाले लोग सिलयारी गांव से एक कार्यक्रम में शामिल होकर पिकअप वाहन से लौट रहे थे। रास्ते में उनकी गाड़ी का टायर पंक्चर हो गया, जिसके बाद ड्राइवर ने वाहन को सड़क किनारे रोक दिया।

ड्राइवर टायर बदल रहा था, जबकि अन्य लोग सड़क किनारे खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। तभी अमरकंटक की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे एक कैप्सूल ट्रक ने अचानक नियंत्रण खो दिया और वहां खड़े लोगों को कुचलते हुए निकल गया।

हादसा इतना भीषण था कि टक्कर लगते ही कुछ लोग करीब 10 फीट तक हवा में उछल गए। मौके पर ही पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान उदय प्रताप (20) के रूप में हुई है, जिसे तुरंत गाड़ासरई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

इस हादसे की सबसे दर्दनाक बात यह है कि मृतकों में एक ही परिवार के कई सदस्य शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, सभी लोग आपस में रिश्तेदार थे और अलग-अलग गांवों में रहते थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *