ग्वालियर में दर्दनाक हादसा: शीतला माता मंदिर के पास बेकाबू ट्रक ने श्रद्धालुओं को रौंदा, 15 की मौत और कई घायल

accident

ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में नवरात्रि के पावन अवसर पर एक भीषण और हृदयविदारक सड़क दुर्घटना सामने आई है। शनिवार और रविवार की दरमियानी रात (लगभग 1:30 बजे) चीनौर रोड स्थित प्रसिद्ध शीतला माता मंदिर के पास दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं पर धान से भरा एक तेज रफ्तार ट्रक काल बनकर टूट पड़ा। अनियंत्रित हुआ यह भारी वाहन सड़क किनारे चल रहे श्रद्धालुओं और दुकानों को कुचलते हुए मंदिर के प्रवेश द्वार व बाहरी दीवार से जा टकराया।

इस भयानक हादसे में 15 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है, जबकि लगभग 26 से 42 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हैं। इसके अलावा, मौके पर कानून-व्यवस्था संभाल रहे दो पुलिसकर्मी भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसे के बाद घटनास्थल पर कोहराम मच गया और चारों तरफ चीख-पुकारल मच गई।

चूंकि चीनौर की तरफ से मंदिर आने वाले मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित है और वहां पुलिस बैरिकेडिंग व चेकपॉइंट भी लगाया गया था, इसके बावजूद धान से भरा ओवरलोड ट्रक वहां पहुंच गया। शुरुआती जांच में सामने आया कि ड्राइवर मोबाइल पर गूगल मैप की मदद से रास्ता देख रहा था और ढलान पर अचानक सामने भीड़ देखकर जब उसने ब्रेक लगाया, तो ब्रेक फेल हो जाने के कारण ट्रक पुलिस बैरिकेड को तोड़ते हुए बेकाबू हो गया।

ट्रक की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मंदिर का ऐतिहासिक प्रवेश द्वार और बाहरी दीवार ढह गई, जिससे कई श्रद्धालु मलबे के नीचे दब गए। स्थानीय लोगों और पुलिस-प्रशासन ने मिलकर तुरंत रेचू ऑपरेशन चलाया और घायलों को जयारोग्य अस्पताल के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। जनता के भारी विरोध और गंभीर लापरवाही के मामलों को संज्ञान में लेते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर झांसी रोड के सीएसपी रवि भदौरिया समेत 8 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है। इनमें थाना प्रभारी और ट्रैफिक पुलिस के अधिकारी भी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक और वाहन मालिक को गिरफ्तार कर लिया है।

राज्य सरकार ने दुर्घटना में जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं के परिजनों को 4-4 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को 2-2 लाख रुपये और सामान्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। साथ ही सभी घायलों का मुफ्त इलाज कराने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *