धार। मध्य प्रदेश के धार जिले में फोरलेन पर एक अत्यंत भीषण और दर्दनाक सड़क दुर्घटना की खबर सामने आई है। सांवलिया सेठ मंदिर (राजस्थान) में दर्शन-पूजन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की चलती कार के टायर में अचानक आग लग गई, जिसके बाद अनियंत्रित होकर वाहन पुलिया के नीचे जा गिरा। पुलिया से टकराते ही आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। इस भयावह हादसे में कार सवार चार लोगों की जलकर मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, कार में सवार लोग राजस्थान स्थिति प्रसिद्ध सांवलिया सेठ मंदिर के दर्शन कर वापस लौट रहे थे। फोरलेन मार्ग से गुजरते समय अचानक तेज गति में कार का टायर सुलग उठा और भीषण धमाके के साथ अनियंत्रित होकर गाड़ी सड़क किनारे पुलिया से टकराकर नीचे गिर गई।
बताया जा रहा है कि दुर्घटना के समय कार में सवार कुछ श्रद्धालु नींद में थे। पुलिया से जोरदार टक्कर और क्षणभर में आग फैलने के कारण यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वे लॉक हुई कार के अंदर ही फँस गए।
राहगीरों की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ी और स्थानीय पुलिस बल तुरंत घटनास्थल पर पहुँचा। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, जिसके बाद कार के जले हुए ढांचे को काटकर चारों शवों को बाहर निकाला गया।
हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए एकमात्र जीवित बचे व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के बाद तत्काल इंदौर के अस्पताल रेफर कर दिया गया है, जहाँ उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों को सूचित कर दिया है तथा वाहन में तकनीकी खराबी और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

