शाजापुर: फायरिंग, पथराव और हिंसक झड़प में 26 घायल, 39 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज

FIR

शाजापुर। मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले से एक भीषण हिंसक झड़प की घटना सामने आई है। जिले के शुजालपुर अनुभाग से लगभग 12 किलोमीटर दूर स्थित टपका बसंतपुर गांव में लगभग 1.75 बीघा (पौने दो बीघा) कब्रिस्तान की जमीन के मालिकाना हक को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते यह विवाद खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया, जिसमें जमकर लाठी-डंडे, तलवारें चलीं और भीषण पथराव व फायरिंग की घटनाएं हुईं। इस घटना में महिलाओं और 90 वर्षीय बुजुर्ग समेत कुल 26 लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए गांव में भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।

पुलिस के अनुसार, घटना रविवार सुबह करीब 8:30 बजे की है जब एक पक्ष का युवक इलियास अपने पिता की कब्र पर दुआ पढ़ने कब्रिस्तान गया था। वहां दूसरे पक्ष के लोगों ने उसे रोकते हुए वहां आने का कारण पूछा। इसके बाद दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

कहासुनी बढ़ने पर युवक ने अपने भाई को बुलाया, जिसके बाद दूसरे पक्ष के लोगों ने लाठियों से हमला कर दिया। देखते ही देखते दोनों ओर से भारी संख्या में लोग जुट गए और तलवार, लोहे की रॉड, लाठी-डंडों से एक-दूसरे पर हमला और पथराव शुरू कर दिया। इस दौरान गोली चलने की आवाजें भी सुनी गईं।

विवाद के दौरान दोनों पक्षों द्वारा एक-दूसरे के घरों में घुसकर हमला करने, ट्रैक्टर, दो मोटरसाइकिलों तथा घर के सामानों में तोड़फोड़ करने के आरोप लगाए गए हैं।

इस हिंसक झड़प में एक पक्ष के 11 और दूसरे पक्ष के 15 लोग घायल हुए हैं। घायलों में महिलाएं और 90 साल के बुजुर्ग शमशाद भी शामिल हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए शुजालपुर के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

शुजालपुर सिटी थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की लिखित शिकायतों के आधार पर कुल 39 लोगों के खिलाफ नामजद मामले दर्ज किए हैं।

जमीन पर कब्जे और दस्तावेजों में हेराफेरी के पुराने विवाद के कारण गांव में उपजे तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है और मामले की गहन जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *