भोपाल। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा बाल दिवस सप्ताह के अंतर्गत आयोजित मैराथन प्रतियोगिता में अयोध्या नगर के ‘सृजन समूह’ के बच्चों ने शानदार प्रदर्शन कर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। इस प्रतियोगिता में विभिन्न संस्थाओं के करीब 300 बच्चों ने हिस्सा लिया था, जिसमें सृजन समूह के बच्चों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
प्रतियोगिता में सृजन समूह की बालिकाओं पालक ने द्वितीय और मुस्कान ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। जिला न्यायाधीश महोदय ने दोनों प्रतिभाशाली बालिकाओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
बाल श्रम से निकलकर तय किया सफलता का सफर
इस उपलब्धि की सबसे खास बात यह है कि मैराथन में भाग लेने वाले सभी 15 बच्चे (4 बालक और 11 बालिकाएँ) कभी न कभी बाल श्रम से जुड़े हुए थे। इन बच्चों ने अपनी कड़ी मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर यह साबित कर दिखाया कि उचित अवसर और प्रोत्साहन मिलने पर हर बच्चा अपनी प्रतिभा को निखार कर नई ऊँचाइयों को छू सकता है।
MEET संस्थान का मिला मार्गदर्शन
भोपाल बुलेटिन डॉट कॉम को प्राप्त जानकारी के अनुसार बच्चों को इस मुकाम तक पहुंचाने में रेखा श्रीधर (MEET संस्थान) का विशेष सहयोग और मार्गदर्शन रहा है। संस्थान द्वारा अयोध्या नगर में सृजन समूह के माध्यम से बच्चों को शिक्षा, खेल, रचनात्मक गतिविधियों और उनके कानूनी अधिकारों के प्रति लगातार जागरूक किया जा रहा है।
बच्चों की यह सफलता न केवल उनके उज्ज्वल भविष्य की ओर एक मजबूत कदम है, बल्कि यह समाज के लिए भी एक मिसाल है कि सही सहयोग मिलने पर विपरीत परिस्थितियों को पीछे छोड़कर नई इबारत लिखी जा सकती है।




