इंदौर में फिर सक्रिय हुए अंतरराष्ट्रीय गैंगस्टर, ट्रांसपोर्ट कारोबारी से रोहित गोदारा के नाम पर मांगी 10 करोड़ की फिरौती

Extortion

इंदौर। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में एक बार फिर कुख्यात अंतरराष्ट्रीय गैंगस्टरों की दस्तक से व्यापारिक जगत में हड़कंप मच गया है। देवास नाका क्षेत्र में ट्रांसपोर्ट का व्यवसाय करने वाले एक कारोबारी को कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा के नाम पर 10 करोड़ रुपये की फिरौती देने की धमकी मिली है। मामले की गंभीरता को देखते हुए इंदौर क्राइम ब्रांच ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है और पूरे प्रकरण की तह तक जाने के लिए एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित ट्रांसपोर्ट कारोबारी संजय भूरिया ने क्राइम ब्रांच के डीसीपी राजेश त्रिपाठी से मुलाकात कर अपनी आपबीती सुनाई और शिकायत दर्ज कराई। कारोबारी के अनुसार, पिछले चार दिनों से उन्हें लगातार विदेशी नंबरों से कॉल आ रहे थे। फोन करने वाले शख्स ने खुद को कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा का हैंडलर ‘सागर सिंह शेखावत’ बताते हुए 10 करोड़ रुपये का इंतजाम करने का फरमान सुनाया। आरोपी ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि यदि समय पर रकम नहीं पहुंचाई गई या पुलिस से किसी भी तरह की शिकायत की गई, तो उन्हें घर से अगवा कर लिया जाएगा और जान से मार दिया जाएगा।

दहशत में आए कारोबारी ने इन धमकी भरे कॉल्स की रिकॉर्डिंग भी पुलिस अधिकारियों को सौंप दी है। क्राइम ब्रांच की शुरुआती तकनीकी जांच में सामने आया है कि जिन अंतरराष्ट्रीय नंबरों से कॉल किए गए थे, वे पुर्तगाल के हैं। हालांकि, पुलिस को संदेह है कि अपराधी अपनी वास्तविक लोकेशन छिपाने के लिए वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क (VPN) या इंटरनेट कॉलिंग का सहारा ले रहे हैं, ताकि जांच एजेंसियों को गुमराह किया जा सके। एसआईटी की साइबर सेल अब इन नंबरों के आईपी एड्रेस और डिजिटल फुटप्रिंट्स को खंगालने में जुट गई है, साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं इसके पीछे कोई स्थानीय मुखबिर या गिरोह तो सक्रिय नहीं है।

उल्लेखनीय है कि जिस रोहित गोदारा के नाम पर यह फिरौती मांगी गई है, वह देश के सबसे वांछित अपराधियों में शामिल है और उसके खिलाफ इंटरपोल का ‘रेड कॉर्नर नोटिस’ भी जारी हो चुका है। पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड समेत कनाडा, अमेरिका और भारत में कई हाई-प्रोफाइल वारदातों में उसका नाम सामने आ चुका है। वह साल 2022 में ‘पवन कुमार’ के नाम से फर्जी पासपोर्ट बनवाकर भारत से दुबई भाग निकला था। फिलहाल पुलिस ने कारोबारी की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं और यह जांच कर रही है कि यह वास्तव में अंतरराष्ट्रीय गिरोह की करतूत है या फिर कोई स्थानीय बदमाश बड़े गैंगस्टर के नाम का डर दिखाकर वसूली करने की कोशिश कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *