विदिशा। मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में एक आठ वर्षीय मासूम बच्ची के साथ हुई घिनौनी और क्रूरता की वारदात के बाद पूरे शहर में जबर्दस्त आक्रोश फैल गया है। इस जघन्य घटना के सामने आते ही पुलिस प्रशासन ने त्वरित एक्शन लेते हुए आरोपी के खिलाफ पॉक्सो (POCSO) एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया है। बढ़ते तनाव और जनभावनाओं को देखते हुए प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई करते हुए आरोपी के अवैध निर्माण को भी ढहा दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक घटना तब सामने आई जब आरोपी ने मासूम बच्ची को चॉकलेट का लालच देकर एक कमरे में बुलाया और उसके साथ अमानवीय हरकत को अंजाम दिया। घटना के बाद डरी-सहमी बच्ची ने रोते हुए अपने परिजनों को पूरी आपबीती बताई, जिसके बाद परिजनों ने कोतवाली थाने पहुंचकर तुरंत इसकी शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को समझते हुए फौरन कानूनी प्रक्रिया शुरू की और त्वरित दबिश देकर आरोपी को अपनी गिरफ्त में ले लिया।
इस घटना की खबर फैलते ही शहर के विभिन्न हिंदू संगठनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों में भारी गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए और दोषियों के खिलाफ फांसी की सजा तथा कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर जमकर प्रदर्शन किया। हालात की नजाकत को भांपते हुए स्थानीय विधायक और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
प्रदर्शनकारियों के कड़े रुख और अल्टीमेटम के बाद जिला प्रशासन, पुलिस और नगर पालिका की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई की। प्रशासन ने तोपपुरा क्षेत्र में स्थित आरोपी के तीन मंजिला मकान के अवैध हिस्से और दुकानों के अगले हिस्से को बुलडोजर चलाकर जमींदोज कर दिया। इसके साथ ही, परिसर में संचालित अवैध आरा मशीन (सॉ मिल) को भी सील कर दिया गया है। जिला प्रशासन ने शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया है और नागरिकों से किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

