यूएई के फुजैराह में भीषण सड़क हादसा, 23 वाहनों की टक्कर के बाद लगी आग

accident

नई दिल्ली। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के फुजैराह अमीरात में एक दिल दहला देने वाले सड़क हादसे में चार भारतीय नागरिकों समेत कुल 14 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 30 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। यह भीषण दुर्घटना शेख खलीफा बिन जायद रोड पर उस समय हुई, जब एक अनियंत्रित ट्रक ने सड़क पर धीमी गति से चल रहे वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि इसकी चपेट में 18 कारें और पांच ट्रक (कुल 23 वाहन) आ गए और देखते ही देखते कई गाड़ियों में भीषण आग लग गई।

यूएई के गृह मंत्रालय और स्थानीय प्रशासन ने सभी 14 मृतकों की पहचान की पुष्टि कर दी है, जिनमें 10 अमीराती नागरिक और चार भारतीय शामिल हैं। इस हादसे ने भारत के दो परिवारों को गहरा जख्म दिया है। मृतकों में केरल के मलप्पुरम जिले के मूल निवासी 21 वर्षीय जुड़वां भाई-बहन मोहम्मद अस्मिल सिद्दीकी और मिस्ना जुबिन सिद्दीकी तथा उनका तीन साल का भांजा मोहम्मद फैज शामिल हैं। यह परिवार शारजाह से अपने घर फुजैराह लौट रहा था, तभी वे इस हादसे का शिकार हो गए। इसके अलावा, चौथे भारतीय मृतक की पहचान गुजरात के 13 वर्षीय किशोर आतिफ मोहम्मद इमरान मंसूर के रूप में हुई है। आतिफ अपने माता-पिता और बड़ी बहन के साथ भारत लौटने के लिए फुजैराह इंटरनेशनल एयरपोर्ट जा रहा था, तभी रास्ते में यह त्रासदी हो गई। इस दुर्घटना में आतिफ के माता-पिता और बहन भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, सिविल डिफेंस और मेडिकल टीमों ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया। घायलों में भारत के अलावा यूएई, ओमान, पाकिस्तान, जॉर्डन, ब्राजील और मिस्र के नागरिक शामिल हैं। दुबई स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास (CGI Dubai) ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए बताया है कि दूतावास के अधिकारी पीड़ित परिवारों के संपर्क में हैं और स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर हर संभव कानूनी व चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध करा रहे हैं। दूसरी ओर, फुजैराह पुलिस ने लापरवाही से वाहन चलाने वाले आरोपी ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है और पूरे मामले की तकनीकी व कानूनी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *