नई दिल्ली। मध्य पूर्व और खाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर चिंताएं एक बार फिर तेज हो गई हैं। कुवैत के एक रणनीतिक सैन्य ठिकाने और वायु रक्षा (एयर डिफेंस) से जुड़े केंद्र को निशाना बनाकर किए गए ड्रोन हमले में दो इतालवी नागरिकों की मौत हो गई है। इस घटना को लेकर कुवैत और इटली ने जहां ईरान निर्मित ड्रोनों व ईरान की भूमिका पर उंगली उठाई है, वहीं ईरान ने इस हमले में किसी भी तरह की संलिप्तता से साफ इनकार करते हुए पूरे मामले की संयुक्त जांच का प्रस्ताव रखा है।
इतालवी विदेश मंत्री एंटोनियो ताजानी ने सीनेट में जानकारी देते हुए बताया कि गुरुवार दोपहर करीब दो बजे कुवैत के सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना बनाकर कई ड्रोन दागे गए, जिनमें एक वायु रक्षा पहचान (एयर-डिफेंस डिटेक्शन) केंद्र भी शामिल था। इसी केंद्र पर जर्मन रक्षा समूह राइनमेटल की इकाई ‘राइनमेटल इटालिया’ से जुड़े दो इतालवी तकनीशियन काम कर रहे थे। जोरदार विस्फोट के बाद दोनों इतालवी नागरिकों की मौत हो गई, जबकि इस हमले और मलबे के गिरने से एक कुवैती नागरिक व एक पाकिस्तानी नागरिक सहित अन्य लोग घायल हुए और संबंधित केंद्र को नुकसान पहुंचा। कुवैती सशस्त्र बलों ने बताया कि हवाई क्षेत्र में शत्रुतापूर्ण ड्रोनों का पता चलने के बाद वायु रक्षा प्रणाली सक्रिय की गई और कई ड्रोनों को रोका गया।
कुवैत ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए अपनी संप्रभुता, सुरक्षा और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने के अधिकार को रेखांकित करने के लिए संयुक्त राष्ट्र चार्टर के अनुच्छेद 51 का हवाला दिया है। इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की, जबकि इतालवी विदेश मंत्री ने इस घटना को गंभीर बताते हुए कूटनीतिक स्तर पर सक्रियता बढ़ाई। इस घातक हमले के बाद यूरोपीय संघ के भीतर भी तेहरान पर दबाव बढ़ाने को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
दूसरी ओर, ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने कुवैत में हुए इस ड्रोन हमले में ईरान के शामिल होने के आरोपों को खारिज कर दिया है। उन्होंने इतालवी और कुवैती समकक्षों से बातचीत कर इतालवी नागरिकों की मौत पर संवेदना जताई, लेकिन साथ ही घटना की परिस्थितियों पर सवाल उठाते हुए इसे ‘युद्ध का बहाना बनाने की पहले से तैयार पटकथा’ जैसा संदिग्ध करार दिया। अराघची ने कहा कि घटना के वास्तविक कारणों और जिम्मेदारी का पता लगाने के लिए ईरान कुवैत और इटली के साथ मिलकर संयुक्त जांच करने को तैयार है। गौरतलब है कि यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब पिछले कुछ महीनों से जारी क्षेत्रीय संघर्ष और ड्रोन-मिसाइल तनाव के बीच हाल के हफ्तों में भी कुवैत की वायु रक्षा प्रणालियां कई बार सतर्क की जा चुकी हैं।

