भोपाल। मध्य प्रदेश के विभिन्न सरकारी विभागों, नगरीय निकायों, स्वास्थ्य, लोक निर्माण और बिजली कंपनियों में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों को बड़ी राहत मिली है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में किसी भी आउटसोर्स कर्मचारी की सेवा समाप्त नहीं की जाएगी और नौकरी से बाहर किए जाने को लेकर फैलाई जा रही बातें पूरी तरह भ्रामक हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि आउटसोर्स कर्मचारियों की नियुक्ति के संबंध में वर्तमान में जारी व्यवस्था कायम रहेगी और कर्मचारियों के नियोजन को लेकर भी सरकार संवेदनशीलता के साथ विचार करेगी।
हाल के समय में कुछ विभागीय निर्देशों के हवाले से नियमित पदों के विरुद्ध कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त किए जाने की चर्चाओं से कर्मियों और संगठनों में चिंता का माहौल बन गया था। मुख्यमंत्री आवास (संवाद भवन) में करीब 40 कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों द्वारा आयोजित अभिनंदन समारोह के दौरान यह मुद्दा प्रमुखता से सामने आया। राज्य कर्मचारी कल्याण समिति व आयोग के अध्यक्ष रमेश चंद्र शर्मा सहित विभिन्न यूनियनों के पदाधिकारियों की मौजूदगी में मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि कर्मचारी सरकार का अभिन्न अंग हैं, प्रदेश की योजनाओं को जमीनी स्तर पर उतारने में उनकी अहम भूमिका है और उनके परिवारों की आर्थिक सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कर्मचारी हित से जुड़े अन्य कदमों का उल्लेख करते हुए बताया कि लंबे समय से रुकी पदोन्नति की प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए एक लाख से अधिक अधिकारियों-कर्मचारियों को पात्रता के आधार पर पदोन्नति दी गई है। उन्होंने यह भी कहा कि शासकीय सेवाओं में दो संतान की सीमा संबंधी नीति को समाप्त करने, चतुर्थ श्रेणी कर्मियों व सहायक ग्रेड-3 समकक्ष पदोन्नति में कंप्यूटर दक्षता प्रमाणपत्र (सीपीसीटी) से जुड़ी कुछ शर्तों में छूट देने, लगभग 26 प्रकार के भत्तों के पुनरीक्षण, अनुकंपा नियुक्तियों के तेज निराकरण और नियमित पदों पर भर्ती की प्रक्रिया जारी रखने जैसे फैसलों से प्रशासनिक कार्यक्षमता और कर्मियों का मनोबल बढ़ा है। कर्मचारी संगठनों ने भी मांग पत्र सौंपते हुए कल्याणकारी फैसलों के लिए आभार जताया और मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि कर्मचारी कल्याण समिति व आयोग के माध्यम से सभी विषयों पर सकारात्मक रूप से विचार किया जाता रहेगा।

