कटनी में 4.42 करोड़ के सरकारी चावल घोटाले का पर्दाफाश, 32 में से 31 ट्रक गंतव्य तक पहुंचे ही नहीं

Rice

कटनी। मध्य प्रदेश में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत गरीबों के लिए भेजे जाने वाले फोर्टिफाइड चावल की बड़े पैमाने पर हेराफेरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कटनी जिले से राज्य के तीन अन्य जिलों—हरदा, नीमच और इंदौर—के लिए रवाना किया गया 4 करोड़ 42 लाख 71 हजार 718 रुपये की आर्थिक लागत व पेनाल्टी मूल्य का सरकारी चावल रास्ते से ही गायब कर दिया गया। प्रशासनिक जांच में गबन और कूटरचना की पुष्टि होने के बाद मध्य प्रदेश स्टेट सिविल सप्लाइज कॉर्पोरेशन (नान) के प्रभारी जिला प्रबंधक रविकांत ठाकुर की शिकायत पर कटनी के रंगनाथ नगर थाने में परिवहनकर्ता फर्म ‘भाग्य लक्ष्मी रोड लाइंस’ के चार साझेदारों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज की गई है।

विभागीय जांच में सामने आया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान कटनी से हरदा, नीमच और इंदौर के शासकीय गोदामों के लिए कुल 32 ट्रकों में पोषक तत्वों से युक्त फोर्टिफाइड चावल भेजा गया था। चौंकाने वाली बात यह रही कि इनमें से केवल एक ट्रक ही अपने निर्धारित ठिकाने पर पहुंचा, जबकि शेष 31 ट्रकों में लदी 21,765 बोरियां (कुल वजन 10,797.18 क्विंटल) संबंधित जिलों के गोदामों तक पहुंची ही नहीं। आंकड़ों के मुताबिक, हरदा के 14 ट्रकों (9,610 बोरी), नीमच के 10 ट्रकों (7,195 बोरी) और इंदौर के 7 ट्रकों (4,960 बोरी) का अनाज बीच रास्ते में ही खुर्द-बुर्द कर दिया गया।

सांसद प्रतिनिधि पद्मेश गौतम की शिकायत और स्थानीय स्तर पर मामला उजागर होने के बाद जब कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर जांच शुरू हुई, तो परिवहन फर्म को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। इसके जवाब में फर्म की ओर से सभी ट्रकों का खाद्यान्न सुरक्षित पहुंचाने का दावा करते हुए डिलीवरी चालान की पावतियां पेश की गईं। लेकिन जब हरदा, नीमच और इंदौर के जिला प्रबंधकों से इन दस्तावेजों का भौतिक सत्यापन और आवक रजिस्टर व ऑनलाइन पोर्टल से मिलान कराया गया, तो पूरा फर्जीवाड़ा खुल गया। जांच में पाया गया कि संबंधित गोदामों में चावल प्राप्त ही नहीं हुआ था और पावतियों पर केंद्र प्रभारियों की सील व हस्ताक्षर कंप्यूटर के माध्यम से पेस्ट कर नकली दस्तावेज तैयार किए गए थे।

पुलिस ने नान के प्रतिवेदन के आधार पर फर्म के चार साझेदारों—भोपाल निवासी दीपक जैन, रीवा के चाकघाट निवासी किशन केशरवानी व शांति मिश्रा तथा त्योंथर (रीवा) निवासी मनोज कुमार तिवारी—के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात और कूटरचना से जुड़ी धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। इस बीच, नागरिक आपूर्ति निगम मुख्यालय ने सख्त कदम उठाते हुए भाग्य लक्ष्मी रोड लाइंस को कटनी जिले के परिवहन कार्यों से प्रतिबंधित कर दिया है। दूसरी ओर, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने भी मुख्यालय स्तर के अधिकारियों का जांच दल गठित कर सात दिनों के भीतर विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। पुलिस और प्रशासन अब इस बात की तहकीकात कर रहे हैं कि हजारों क्विंटल सरकारी चावल खुले बाजार में कहां खपाया गया और इस पूरे नेटवर्क में परिवहनकर्ता के अलावा किसी विभागीय अधिकारी या कर्मचारी की मिलीभगत तो नहीं रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *