जून में व्हाइट-बॉल सीरीज खेलने बांग्लादेश जाएगी ऑस्ट्रेलियाई टीम

Australia

नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया 9 से 21 जून तक व्हाइट-बॉल सीरीज के लिए बांग्लादेश का दौरा करेगा। इस दौरे पर कंगारू टीम 3 वनडे और तीन टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों की सीरीज खेलेगी।

ऑस्ट्रेलिया दौरे की शुरुआत वनडे सीरीज के साथ करेगी। सीरीज का पहला मुकाबला 9 जून को खेला जाएगा, जबकि दूसरा मैच 11 और सीरीज का अंतिम मुकाबला 14 जून को खेला जाएगा। एकदिवसीय सीरीज के सभी मुकाबलों की मेजबानी ढाका का शेर-ए-बांग्ला नेशनल क्रिकेट स्टेडियम करेगा। वनडे के बाद टी20 सीरीज की शुरुआत 17 जून से होगी। वहीं, दूसरे टी20 मुकाबला 19 और आखिरी मैच 21 जून को खेला जाएगा। टी-20 सीरीज के सभी मुकाबले चटोग्राम के श्रेष्ठो फ्लाइट लेफ्टिनेंट मतिउर रहमान स्टेडियम में खेले जाएंगे।

यह वनडे सीरीज 15 साल में बांग्लादेश में ऑस्ट्रेलिया की पहली सीरीज भी होगी। ऑस्ट्रेलिया ने आखिरी बार 2011 में बांग्लादेश में वनडे मुकाबला खेला था। दोनों टीमों के बीच 3 मुकाबलों की वनडे सीरीज खेली गई थी। सीरीज के सभी मुकाबलों की मेजबानी ढाका के शेर-ए-बांग्ला स्टेडियम ने की थी। वह सीरीज माइकल क्लार्क के लिए ऑस्ट्रेलिया के कप्तान के तौर पर पहली सीरीज भी थी।

ऑस्ट्रेलिया की पुरुष टीम ने आखिरी बार अगस्त 2021 में बांग्लादेश का दौरा किया था। इस दौरे पर कंगारू टीम ने 5 मुकाबलों की टी20 सीरीज खेली थी। इस सीरीज में बांग्लादेश का प्रदर्शन शानदार रहा था और उन्होंने ऑस्ट्रेलिया को 4-1 से हराया था। टी20 विश्व कप 2026 में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम पहली बार इस फॉर्मेट में कोई मुकाबला खेलने मैदान पर उतरेगी। टी20 विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया जिम्बाब्वे और श्रीलंका से हारकर ग्रुप स्टेज में ही टूर्नामेंट से बाहर हो गई थी।

ऑस्ट्रेलिया की टीम पाकिस्तान से बांग्लादेश जाएगी। कंगारू टीम पाकिस्तान के खिलाफ तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज खेलेगी। हालांकि, अभी इस सीरीज की तारीखों का ऐलान नहीं हुआ है। माना जा रहा है कि यह दौरा 30 मई से शुरू हो सकता है। पाकिस्तान और बांग्लादेश में होने वाले वनडे मुकाबलों को अगले साल साउथ अफ्रीका में खेले जाने वाले एकदिवसीय विश्व कप के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *