पाकिस्तान बनाम बांग्लादेश: डेब्यू मैच में अजान अवैस का शतक, मेहदी हसन ने खोला ‘पंजा’

Azan

नई दिल्ली। बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच पहला टेस्ट मैच शेर-ए-बांग्ला क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। टेस्ट के तीसरे दिन रविवार को पहली पारी में पाकिस्तान की पूरी टीम 386 रन बनाकर ऑलआउट हुई। 21 वर्षीय बल्लेबाज अजान अवैस ने अपने डेब्यू मुकाबले में शतकीय पारी खेली।

अजान पिछले 17 साल में विदेशी धरती पर डेब्यू करते हुए टेस्ट में शतक लगाने वाले पहले पाकिस्तानी बल्लेबाज भी बने। दूसरे दिन के स्कोर 179/1 से आगे खेलते हुए पाकिस्तान ने महज 31 रन जोड़कर दूसरा विकेट गंवाया। तीसरे दिन पाकिस्तान की ओर से आउट होने वाले पहले बल्लेबाज अजान अवैस रहे, जो 165 गेंदों में 103 रनों की शानदार पारी खेलकर आउट हुए। इसके बाद स्कोरबोर्ड में अभी 16 रन ही और जुड़े थे कि कप्तान शान मसूद 9 रन बनाकर पवेलियन लौटे। सऊद शकील अपना खाता तक नहीं खोल सके और वह मेहदी हसन मिराज का शिकार बने।

अब्दुल्लाह फजल 120 गेंदों में 7 चौके और एक छक्के की मदद से 60 रन बनाकर आउट हुए। मोहम्मद रिजवान ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक लगाया और उन्होंने 79 गेंदों में 59 रनों का योगदान दिया। सलमान आगा 58 रन बनाकर आउट हुए। नोमान अली 29 गेंदों का सामना करने के सिर्फ 2 रन ही बना सके। शाहीन अफरीदी ने 17 गेंदों में 13 रन बनाए, जबकि हसन अली 6 रन बनाकर तैजुल इस्लाम की गेंद पर क्लीन बोल्ड हुए।

गेंदबाजी में बांग्लादेश की ओर से मेहदी हसन मिराज ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 102 रन देकर 5 विकेट चटकाए। वहीं, तस्कीन अहमद और तैजुल ने 2-2 विकेट चटकाए। पहली पारी के आधार पर बांग्लादेश ने 27 रनों की बढ़त हासिल की। पहली पारी में बांग्लादेश ने 413 रन बनाए थे। दिन का खेल खत्म होने तक बांग्लादेश ने दूसरी पारी में बिना कोई विकेट गंवाए 7 रन बना लिए हैं और टीम की कुल बढ़त 34 रनों की हो गई है। महमूदुल हसन जॉय 2 और शादमान इस्लाम बिना खाता खोले क्रीज पर डटे हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *