पाकिस्तान कनेक्शन और करोड़ों के ट्रांजेक्शन के आरोप में हरिद्वार से युवती गिरफ्तार

Arrest

नई दिल्ली। हरिद्वार के पिरान कलियर थाना क्षेत्र के आसफनगर इलाके में जम्मू-कश्मीर पुलिस की कार्रवाई के बाद हड़कंप मच गया।

जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के लकनपुर थाना क्षेत्र में दर्ज यूएपीए और ऑफिशियल सीक्रेट्स एक्ट से जुड़े एक मामले की जांच के दौरान हरिद्वार की एक युवती का नाम सामने आया था। इसके बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस की टीम हरिद्वार पहुंची और स्थानीय पुलिस की मदद से युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में बताया कि जम्मू-कश्मीर पुलिस ने कुछ दिन पहले कलियर थाना पुलिस से संपर्क किया था। उन्होंने बताया कि कठुआ जिले के लकनपुर थाने में दर्ज एक मामले की जांच चल रही है, जो यूएपीए और ऑफिशियल सीक्रेट्स एक्ट के तहत दर्ज किया गया है। जांच के दौरान सोनम नाम की युवती का नाम सामने आया, जिसके बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस की टीम हरिद्वार पहुंची।

पूछताछ के दौरान युवती ने खुलासा किया कि वह अपनी एक सहेली के जरिए कुमार राम नाम के व्यक्ति के संपर्क में आई थी। बाद में उसके कजिन हसीब के माध्यम से उसे कई सिम कार्ड, एटीएम कार्ड और बैंक खाते उपलब्ध कराए गए।

युवती ने बताया कि उसे निर्देश दिए जाते थे कि बैंक खातों में आने वाली रकम को दूसरे खातों में ट्रांसफर करना है। इसके अलावा एटीएम से पैसे निकालने और यूपीआई के जरिए रकम आगे भेजने का काम भी उससे कराया जाता था।

जांच में यह भी सामने आया कि युवती ने करीब 20 लाख रुपए अलग-अलग खातों में ट्रांसफर किए थे। इसके बदले उसे कमीशन भी दिया जाता था। युवती ने पूछताछ में बताया कि उसे करीब दो लाख रुपए कमीशन के तौर पर मिले थे।

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने कहा कि जम्मू-कश्मीर पुलिस युवती को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई है और मामले की गहन जांच जारी है। जांच एजेंसियां अब करोड़ों रुपए के ट्रांजेक्शन, बैंक खातों और कथित पाकिस्तान कनेक्शन की फाइनेंशियल ट्रेल खंगाल रही है।

उन्होंने यह भी कहा कि हरिद्वार में जिन लोगों का युवती से संपर्क था, उनकी भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कहीं स्थानीय स्तर पर कोई अन्य व्यक्ति भी ऐसी गतिविधियों में शामिल तो नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *