मध्य प्रदेश: कांग्रेस विधायक योगेंद्र सिंह की कार दुर्घटनाग्रस्त, हादसे में बाल-बाल बचे

accident

भोपाल। मध्य प्रदेश के लखनादौन से कांग्रेस विधायक योगेंद्र सिंह बाबा की कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई और उसमें आग लग गई। हादसे में विधायक और अन्य 2 लोग घायल हुए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, कांग्रेस विधायक योगेंद्र सिंह जबलपुर से सिवनी वाले नेशनल हाईवे पर घूरवाड़ा गांव जा रहे थे। इसी दौरान धूमा थाने के हर्बल गार्डन बंजारी हाई स्कूल के सामने एक गाय अचानक गाड़ी के सामने आ गई। इसके बाद कार अनियंत्रित होकर स्कूल की बाउंड्री वाल से जा टकराई जिससे कार में आग भी लग गई। किसी तरह विधायक, वाहन चालक व सुरक्षा कर्मी कार से निकल आए, लेकिन हादसे में तीनों घायल हो गए।

वहीं, मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कांग्रेस विधायक योगेंद्र सिंह की कार दुर्घटनाग्रस्त होने पर चिंता जताई और उनके जल्द ठीक होने की कामना की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ”लखनादौन के विधायक एवं कांग्रेस पार्टी में मेरे साथी योगेंद्र सिंह बाबा जी के वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने का समाचार अत्यंत दुखद है। मैं ईश्वर से उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ एवं कुशलक्षेम की कामना करता हूं। आशा है कि वे जल्द पूर्णतः स्वस्थ होकर पुनः जनसेवा के कार्यों में सक्रिय होंगे।”

मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने एक्स पोस्ट में लिखा,”नेशनल हाईवे-34 (सिवनी) पर लखनादौन विधायक योगेंद्र सिंह ‘बाबा’ की कार गाय को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्कूल की बाउंड्री से टकरा गई और उसमें आग लग गई। इस हादसे में राहत की बात यह रही कि योगेंद्र और उनके साथ मौजूद लोग समय रहते वाहन से सुरक्षित निकल आए और किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। कांग्रेस परिवार सभी के शीघ्र स्वस्थ होने और पूर्ण सुरक्षा की कामना करता है।”

इस हादसे के दौरान सड़क मार्ग से गुजर रहे राहगीरों ने विधायक योगेंद्र सिंह सहित उनके चालक और अंगरक्षक की मदद की। सभी को अस्पताल भेजा गया। इस हादसे में उनकी कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। गनीमत रही कि कार में आग लगने के बाद उसमें सवार तीनों लोग सुरक्षित निकल आए।

प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो कुछ देर के लिए वहां अफरा-तफरी की स्थिति बन गई थी। हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की गाड़ी वहां पहुंच गई और आग पर काबू पाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *