त्रिकोणीय सीरीज: तिलक वर्मा की कप्तानी वाली इंडिया ‘ए’ टीम श्रीलंका पहुंची

tilak

नई दिल्ली। श्रीलंका ए और अफगानिस्तान ए टीम के साथ होने वाली वनडे फॉर्मेट की त्रिकोणीय सीरीज के लिए तिलक वर्मा की कप्तानी वाली भारत ए टीम शुक्रवार को श्रीलंका पहुंच गई। सीरीज 9 से 21 जून तक रंगिरी दांबुला इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेली जाएगी।

इंडिया ‘ए’ अपने अभियान की शुरुआत 9 जून को मेजबान श्रीलंका ‘ए’ के खिलाफ करेगी। श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) ने तिलक वर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ऋतुराज गायकवाड़ और अनुकूल रॉय जैसे खिलाड़ियों के पहुंचने की तस्वीरें शेयर की हैं।

एसएलसी ने शुक्रवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा, “इंडिया ‘ए’ टीम रंगिरी दांबुला इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होने वाली ट्राई-नेशन सीरीज से पहले श्रीलंका पहुंच गई है। अपनी स्किल्स दिखाने और एक रोमांचक टूर्नामेंट में मुकाबला करने के लिए तैयार हैं। एक्शन शुरू होने दें।”

श्रीलंका पहुंचने से पहले इंडिया ‘ए’ टीम में दो बड़े बदलाव किए गए – हर्ष दुबे को अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज के लिए टेस्ट और वनडे टीमों में शामिल किया गया, जिसके बाद रॉय को टीम में शामिल किया गया।

बाद में, रियान पराग के हैमस्ट्रिंग इंजरी के कारण बाहर होने के बाद गायकवाड़ को टीम में शामिल किया गया था और उन्हें टीम का उपकप्तान बनाया गया था। पराग आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) की तरफ से खेलते हुए इंजर्ड हुए थे। वह बेंगलुरु में बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैबिलिटेशन करेंगे।

ऋतुराज गायकवाड़ के बारे में एक रिपोर्ट यह भी है कि उन्हें अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली 3 वनडे मैचों की सीरीज के लिए भारतीय टीम में जगह दी जा सकती है। इसकी वजह विराट कोहली का इंजरी की वजह से अफगानिस्तान वनडे सीरीज से बाहर रहने की संभावना है।

आईएएनएस को मिली जानकारी के मुताबिक ऋषिकेश कानिटकर, सुनील जोशी, लक्ष्मीपति बालाजी और शुभदीप घोष इस त्रिकोणीय सीरीज में इंडिया ‘ए’ के कोच होंगे।

इंडिया ए स्क्वाड: तिलक वर्मा (कप्तान), ऋतुराज गायकवाड़ (उपकप्तान), प्रियांश आर्य, वैभव सूर्यवंशी, आयुष बडोनी, निशांत सिंधु, सूर्यांश शेडगे, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), विप्रज निगम, यश ठाकुर, युद्धवीर सिंह, अंशुल कंबोज, अरशद खान, अनुकूल रॉय।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *