दतिया उपचुनाव के लिए भाजपा-कांग्रेस उम्मीदवारों ने भरे नामांकन

byelections

भोपाल। मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा में हो रहे उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के अधिकृत उम्मीदवारों ने सोमवार को नामांकन पत्र दाखिल किए। दोनों उम्मीदवारों के साथ उनकी पार्टी के वरिष्ठ नेता उनके साथ रहे।

दतिया उप चुनाव के लिए भाजपा ने आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया है, जबकि कांग्रेस ने घनश्याम सिंह को। दोनों उम्मीदवार अपने समर्थकों के साथ कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे। भाजपा उम्मीदवार आशुतोष तिवारी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह एवं वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा की उपस्थिति में अपना नामांकन-पत्र दाखिल किया।

वही, कांग्रेस पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, विधायक फूलसिंह बरैया, दतिया जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अशोक दांगी, कांग्रेस पदाधिकारी एवं अन्य कार्यकर्ता की उपस्थिति में नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन पत्र भरने के बाद कांग्रेस नेताओं ने कहा है कि मां पीताम्बरा के आशीर्वाद और दतिया की न्यायप्रिय जागरूक जनता एक बार फिर कांग्रेस पर अपना भरोसा जताएगी और अहंकार, तानाशाही तथा जनविरोधी राजनीति करने वाली भाजपा को लोकतांत्रिक तरीके से करारा जवाब देगी।

कांग्रेस के राजेंद्र भारती को पिछले दिनों न्यायालय ने एक मामले में दो साल से ज्यादा की सजा सुनाई थी, जिसके चलते उन्हें विधायक पद को गंवाना पड़ा है। अब यहां उपचुनाव हो रहा है, और कांग्रेस तथा भाजपा ने अपने अधिकृत उम्मीदवार का ऐलान कर दिया है। साथ ही इन उम्मीदवारों ने नामांकन भी भर दिए हैं।

भाजपा ने दतिया उपचुनाव के लिए 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। इस सूची में पार्टी के तमाम दिग्गज नेताओं के नाम हैं। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार, नामांकन भरने का अंतिम दिन सोमवार रहा, वहीं उनकी समीक्षा 14 जुलाई को होगी और नाम वापस लेने की अंतिम तारीख 16 जुलाई रहेगी, मतदान 30 जुलाई को तय किया गया है, वहीं मतगणना 4 अगस्त को होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *