हिमाचल कैबिनेट का बड़ा फैसला, 4090 पैरा कर्मचारियों की होगी नियुक्ति

Cabinet

नई दिल्ली। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में शनिवार को हुई हिमाचल प्रदेश कैबिनेट बैठक में विभिन्न विभागों में बड़े पैमाने पर भर्तियों और नई नियुक्तियों को मंजूरी दी गई।

कैबिनेट ने जल शक्ति विभाग में 4090 पैरा कर्मचारियों की नियुक्ति को मंजूरी दी। इनमें पैरा पंप ऑपरेटर, पैरा फिटर और मल्टीपर्पज वर्कर शामिल हैं।

बैठक में 100 और स्कूलों को सीबीएसई से संबद्ध करने का निर्णय लिया गया। इसके लिए नई योजना तैयार की जाएगी। इन स्कूलों में नई योजना आधारित भर्ती के तहत 3,900 शिक्षकों और 900 गैर-शिक्षकीय कर्मचारियों के पद भरे जाएंगे।

इसके अलावा छूटे हुए एसएमसी शिक्षकों (पीजीटी और टीजीटी सहित) के लिए लिमिटेड डायरेक्ट रिक्रूटमेंट (एलडीआर) परीक्षा आयोजित करने को भी मंजूरी दी गई।

कैबिनेट ने सरकारी स्कूलों में आउटसोर्स आधार पर कार्यरत शिक्षकों में से कंप्यूटर शिक्षकों के पद एलडीआर के माध्यम से भरने का फैसला किया। साथ ही स्वास्थ्य विभाग में 500 असिस्टेंट स्टाफ नर्स के पद भरने की मंजूरी भी दी गई।

शिक्षा विभाग में बैकलॉग कोटे के तहत 320 असिस्टेंट प्रोफेसर (कॉलेज कैडर) पदों को भरने का निर्णय लिया गया। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) में 172 मल्टी टास्क वर्कर नियुक्त किए जाएंगे।

मेडिकल एजुकेशन विभाग में 30 रेडियोलॉजिस्ट, 13 क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट और 6 परफ्यूजनिस्ट के पद भरने को मंजूरी दी गई। दिव्यांग व्यक्तियों के लिए 4 प्रतिशत आरक्षण के तहत विभिन्न श्रेणियों के 27 पदों के साथ 11 मल्टी टास्क वर्कर पदों को भरने की मंजूरी भी दी गई।

कैबिनेट ने डॉ. आरपीजीएमसी टांडा में 24 मेडिकल ऑफिसर (स्पेशलिस्ट/सुपर स्पेशलिस्ट) पदों को भरने का फैसला किया। इसके अलावा पशुपालन विभाग में 116 विभिन्न पद, बागवानी विभाग में 40 हॉर्टिकल्चर एक्सटेंशन ऑफिसर और 5 वरिष्ठ सहायक पदों को भरने की मंजूरी दी गई।

दुर्गाशरण्य कांगड़ा अंतरराष्ट्रीय प्राणी उद्यान के लिए विभिन्न श्रेणियों के 26 नए पद सृजित कर उन्हें भरने का निर्णय लिया गया। स्वास्थ्य विभाग के आदर्श स्वास्थ्य संस्थानों में 10 रेडियोग्राफर तथा कोषागार, लेखा एवं लॉटरी विभाग में 18 सहायक कोषागार अधिकारियों की नियुक्ति को भी मंजूरी दी गई।

कैबिनेट के इन फैसलों से राज्य में रोजगार के नए अवसर बढ़ने के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य महत्वपूर्ण विभागों को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *