नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के मध्य जिले स्थित जामा मस्जिद पुलिस थाने में सोमवार दोपहर एक ऐसी हिंसक घटना घटी जिसने पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया। पारिवारिक विवाद की शिकायत पर पूछताछ के लिए बुलाए गए कलां महल निवासी नबील नामक युवक ने थाने के अंदर ही आपा खोते हुए पुलिसकर्मियों पर चाकू से जानलेवा हमला बोल दिया। इस ताबड़तोड़ हमले और उसके बाद आरोपी को दबोचने के लिए की गई घेराबंदी के दौरान दिल्ली पुलिस के कुल 9 जवान घायल हो गए। अंततः चितली कब्र के हवेली आजम खां इलाके में हुई मुठभेड़ में पुलिस ने आत्मरक्षा में 8 राउंड गोलियां चलाईं, जिनमें से 6 गोलियां आरोपी के पैरों में लगीं और उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पूरा घटनाक्रम सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे शुरू हुआ, जब नबील की मां और बहन ने जामा मस्जिद थाने पहुंचकर सब-इंस्पेक्टर अजय से शिकायत की कि नबील घर में उन्हें बेहद परेशान करता है। शिकायत के आधार पर एसआई अजय ने फोन कर नबील को थाने बुलाया। पहले तो उसने आने से इनकार किया, लेकिन सख्ती दिखाने पर वह गुस्से में थाने पहुंचा। बताया जा रहा है कि वह पहले से ही अपने पास चाकू छिपाकर लाया था। थाने में दाखिल होते ही उसने भड़कते हुए पूछा कि उसे किसने बुलाया है और देखते ही एसआई अजय के गले व चेहरे पर चाकू से वार कर दिया। जब आसपास मौजूद अन्य पुलिसकर्मी अपने साथी को बचाने के लिए आगे बढ़े, तो नबील ने बिना किसी डर के उन पर भी ताबड़तोड़ हमले शुरू कर दिए। थाने के भीतर हुए इस हमले में एसआई अजय, एसआई अरविंद, एएसआई श्रीकृष्ण तथा हेड कांस्टेबल हरेंद्र और बलजीत समेत पांच पुलिसकर्मी बुरी तरह घायल हो गए।
थाने के अंदर खून-खराबा और अफरा-तफरी मचाने के बाद आरोपी नबील मौके से भाग निकला। पुरानी दिल्ली की भीड़भाड़ वाली गलियों से बच निकलने के लिए उसने रास्ते में एक राहगीर को रोका, उसके साथ मारपीट कर उसकी स्कूटी छीनी और फरार हो गया। दिनदहाड़े थाने पर हुए इस हमले की खबर मिलते ही मध्य जिला पुलिस की स्पेशल स्टाफ और एएटीएस (AATS) सहित कई टीमें उसकी तलाश में जुट गईं। तकनीकी निगरानी और स्थानीय सूत्रों की मदद से पुलिस ने नबील की लोकेशन चांदनी महल क्षेत्र के चितली कब्र स्थित हवेली आजम खां इलाके में ट्रेस की। जब पुलिस टीम ने उसे घेरकर आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, तो उसने दोबारा चाकू निकालकर जवानों पर हमला बोल दिया। इस झड़प में स्पेशल स्टाफ के चार सिपाही-अंकित, जयंत, लोकेश और परमिंदर-चाकू लगने से घायल हो गए।
आरोपी के लगातार आक्रामक रुख और जवानों की जान पर मंडराते खतरे को देखते हुए पुलिस टीम को गोली चलाने के लिए मजबूर होना पड़ा। अधिकारियों के अनुसार, स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कमर के नीचे निशाना साधते हुए कुल आठ राउंड फायरिंग की गई, जिसमें छह गोलियां नबील के पैरों में लगीं और वह जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद उसे दबोचकर लोकनायक जयप्रकाश (LNJP) अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल पुलिसकर्मियों का सर गंगाराम और संजीवन अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां तीन जवानों की स्थिति नाजुक बनी हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि नबील के खिलाफ वर्ष 2022 में भी दरियागंज थाने में धारदार हथियार से हमला करने का मुकदमा दर्ज हो चुका है। फिलहाल पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले में थाने पर हमला, लूटपाट और मुठभेड़ के दौरान सरकारी कार्य में बाधा डालने व जानलेवा हमले की धाराओं में तीन अलग-अलग एफआईआर दर्ज कर गहन जांच शुरू कर दी है।

