नई दिल्ली। विश्व के सबसे शक्तिशाली लोकतंत्र संयुक्त राज्य अमेरिका में प्रतिनिधि सभा, सीनेट और विभिन्न राज्यों के गवर्नर पदों के लिए मध्यावधि चुनाव का मतदान जारी है। इस बार के मतदान के दौरान कई राज्यों में खराब मौसम, जलभराव और तकनीकी गड़बड़ियों के कारण प्रशासनिक स्तर पर बड़ी व्यवधान देखने को मिली है।
फ्लोरिडा के अटलांटिक तटीय इलाकों में भारी बारिश के बाद अचानक आई भयानक बाढ़ के कारण कम से कम 18 से 21 पोलिंग बूथों को ऐन मौके पर दूसरी जगह शिफ्ट करना पड़ा है। सेंट लूसी और ब्रेवार्ड जैसे काउंटियों में जलभराव की वजह से मतदान दल और मतदाताओं को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
परिस्थितियों की गंभीरता को देखते हुए फ्लोरिडा के गवर्नर रॉन डिसेंटिस ने प्रभावित काउंटियों में इमरजेंसी लागू की है और मतदाताओं को अपना सही पोलिंग स्टेशन चेक करके ही घर से निकलने की सलाह जारी की गई है।
न्यू यॉर्क के कई मतदान केंद्रों पर ‘ऑप्टिकल बैलेट स्कैनर’ के सही तरीके से काम न करने की रिपोर्ट दर्ज की गई है। कई जगहों पर मतदाता अपने मतपत्र स्कैन नहीं कर पाए, जिसके चलते कागजी बैलेट को सुरक्षित ‘आपातकालीन ड्रॉप बॉक्स’ में जमा करवाना पड़ा।
न्यू यॉर्क अटॉर्नी जनरल कार्यालय स्थिति पर पूरी नजर बनाए हुए है और अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि प्रत्येक डाले गए वोट की गिनती सुनिश्चित की जाएगी।
मध्यावधि चुनाव राष्ट्रपति के कार्यकाल के दो साल पूरे होने पर कराए जाते हैं और इन्हें मौजूदा सरकार के कामकाज पर जनमत संग्रह माना जाता है। इस बार सीनेट और प्रतिनिधि सभा में बहुमत का संतुलन तय करने के लिए दोनों प्रमुख दलों-डेमोक्रेटिक पार्टी और रिपब्लिकन पार्टी-के बीच बेहद कड़ा और दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल रहा है।

