श्योपुर: चंबल से अवैध उत्खनन रोकने गई वन विभाग की टीम पर पथराव और लाठी-डंडों से हमला, दो वनरक्षक घायल

attacked

श्योपुर। मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले में चंबल नदी से होने वाले अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करने गई वन विभाग (राष्ट्रीय चंबल अभयारण्य) की टीम पर रेत माफिया ने जानलेवा हमला कर दिया। मानपुर-भोडर व वर्धा क्षेत्र तथा ढेंगदा बायपास-मेडिकल कॉलेज मार्ग के आसपास हुई इस वारदात में माफिया के गुर्गों ने सरकारी अमले को घेरकर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला बोल दिया। इस हिंसक झड़प में दो वनरक्षक घायल हो गए, जबकि हमलावर वन विभाग द्वारा जब्त की गई रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी जबरन छुड़ाकर मौके से फरार होने में कामयाब रहे।

जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय चंबल अभयारण्य की गश्ती टीम जब चंबल नदी क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन रोकने के लिए अभियान चला रही थी, तभी उन्हें अवैध रेत से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां नजर आईं। वनकर्मियों ने पीछा कर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को अपने कब्जे में ले लिया और उसे जब्त कर कार्यालय ले जाने लगे। इसी दौरान ट्रैक्टर चालक ने पहले सड़क पर रेत खाली कर भागने और सरकारी वाहन को टक्कर मारने का प्रयास किया। इसके बाद कार और मोटरसाइकिलों पर सवार होकर पहुंचे आधा दर्जन से अधिक बदमाशों ने वन विभाग की गाड़ी को ओवरटेक कर रास्ता रोक लिया। उन्होंने वनकर्मियों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और अचानक पत्थर बरसाने के साथ-साथ लकड़ी के फट्टों व लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

इस हमले में वनरक्षक रामलखन गुर्जर के सिर पर लकड़ी के फट्टे से वार होने सहित दो वनकर्मी घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्थिति बिगड़ते देख वन अमले ने आत्मरक्षा में अपनी बंदूकें भी निकालीं, लेकिन हमलावर अफरा-तफरी का फायदा उठाकर जब्त ट्रैक्टर-ट्रॉली छुड़ा ले गए। इस पूरी घटना के वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें माफिया की दबंगई साफ दिखाई दे रही है। राष्ट्रीय चंबल अभयारण्य के एसडीओ संदीप रावत ने बताया कि टीम सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के तहत अवैध रेत परिवहन रोकने के लिए मुस्तैदी से कार्रवाई कर रही थी। घटना के बाद घायल वनरक्षक की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने वीरेंद्र रावत, लवकुश रावत, महेश रावत, रूपसिंह राजौरिया और राजेंद्र रावत सहित पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने और हमले की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ तेज कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *