भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के ऐशबाग स्थित जनता क्वार्टर क्षेत्र में प्रशासन, नगर निगम और हाउसिंग बोर्ड की संयुक्त टीम ने बड़े पैमाने पर ध्वस्तीकरण अभियान चलाते हुए करीब चार दशक पुराने 599 जर्जर आवासों को जमींदोज कर दिया। भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में की गई इस कार्रवाई के दौरान संभावित विरोध को देखते हुए एहतियातन कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला को उनके घर से हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार, ऐशबाग के ये जनता क्वार्टर लगभग 35 से 40 वर्ष पुराने थे, जिन्हें नगर निगम द्वारा वर्ष 2016 में ही जर्जर और खतरनाक घोषित कर दिया गया था। इसके बाद समय-समय पर नोटिस जारी किए गए और हाल ही में 13 नवंबर तक आवास खाली करने की अंतिम समयसीमा तय की गई थी। इससे पहले भी खाली कराने की प्रक्रिया के दौरान तनाव और विरोध के हालात बन चुके थे। रविवार को उच्च न्यायालय से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पर रोक लगाने से इनकार किए जाने के बाद सोमवार तड़के से ही इलाके में बैरिकेडिंग कर यातायात डायवर्ट किया गया और बुलडोजर व पोकलेन मशीनों की मदद से मकानों को तोड़ने का काम शुरू किया गया।
कुल 600 क्वार्टरों में से 599 को ढहा दिया गया, जबकि क्वार्टर नंबर EWS-465 पर आवंटी की याचिका के चलते उच्च न्यायालय ने 25 नवंबर तक की अंतरिम राहत दी है। अदालत ने संबंधित पक्षों और अधिकारियों को कलेक्टर के साथ बैठक कर निर्माण अवधि के किराये के संबंध में सहमति बनाने तथा बुधवार को स्थिति से अवगत कराने का निर्देश दिया है। मध्य प्रदेश पुनर्विकास नीति-2022 के तहत इस भूमि पर नए बहुमंजिला आवासीय भवन, व्यावसायिक दुकानें और पार्क विकसित किए जाने की योजना है। प्रशासन का कहना है कि वैध आवंटियों को निर्धारित मापदंडों के अनुसार किराये की सहायता और पहले से बड़े फ्लैट उपलब्ध कराए जाएंगे।
कार्रवाई के दौरान बिना ठोस वैकल्पिक व्यवस्था किए मकान तोड़े जाने के मुद्दे पर विपक्ष ने कड़ा ऐतराज जताया। विरोध प्रदर्शन की आशंका के चलते सुबह करीब आठ बजे कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला को रोककर अशोका गार्डन थाने ले जाया गया, जहां उन्होंने प्रभावित परिवारों के पुनर्वास को लेकर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। दूसरी ओर, कई स्थानीय परिवारों ने सामान बाहर निकलने और अस्थायी ठिकाने को लेकर चिंता व्यक्त की है, हालांकि प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखते हुए पूरी प्रक्रिया को चरणबद्ध ढंग से पूरा किया।

