अनूपपुर में दर्दनाक सड़क हादसा, खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी तेज रफ्तार बोलेरो

Accident

अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में एक भीषण सड़क दुर्घटना ने खुशियों के माहौल को गहरे मातम में बदल दिया। जैतहरी-वेंकटनगर मुख्य मार्ग पर छुलहा गांव के पुराने रेलवे फाटक के पास तड़के एक तेज रफ्तार बोलेरो सड़क किनारे खराब हालत में खड़े ट्रक से पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और उसमें सवार भारतीय सेना के एक जवान समेत तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, जैतहरी थाना क्षेत्र के धनगवां गांव निवासी विनीत विश्वकर्मा (26) भारतीय सेना में पदस्थ थे और अपने एक मित्र की शादी में शामिल होने के लिए छुट्टी लेकर घर आ रहे थे। सोमवार तड़के करीब तीन बजे जब वे ट्रेन से अनूपपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे, तो उनके बड़े भाई दीनबंधु विश्वकर्मा (36) अपने साथियों के साथ बोलेरो लेकर उन्हें रिसीव करने स्टेशन आए थे। स्टेशन से सभी लोग बोलेरो में सवार होकर अपने गांव धनगवां की ओर लौट रहे थे, तभी छुलहा के पास चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सीधे सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी।

इस भयावह हादसे में सेना के जवान विनीत विश्वकर्मा, उनके बड़े भाई दीनबंधु विश्वकर्मा (जो पंचायत में सेल्समैन के पद पर कार्यरत थे) और बोलेरो मालिक मोहम्मद करीम (32) ने दम तोड़ दिया। मृतक तीनों युवक धनगवां गांव के ही निवासी थे। वहीं, वाहन में सवार चौथे युवक राजू उर्फ अभिषेक तिवारी (30) को गंभीर चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जबकि घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए शहडोल मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

एक ही गांव के तीन युवाओं, जिनमें दो सगे भाई भी शामिल हैं, की असमय मौत से पूरे धनगवां क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में इस पहलू की भी पड़ताल की जा रही है कि क्या खराब ट्रक को मुख्य मार्ग के किनारे बिना किसी पार्किंग लाइट या चेतावनी संकेत (रिफ्लेक्टर) के लापरवाहीपूर्वक खड़ा किया गया था, जिससे रात के अंधेरे में यह जानलेवा टक्कर हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *