नई दिल्ली। दक्षिण अमेरिकी देश पेरू की राजधानी लीमा से सटे कैलाओ इलाके में शुक्रवार सुबह एक बेहद खौफनाक और फिल्मी अंदाज में अंजाम दी गई लूटपाट की वारदात सामने आई है। जॉर्ज चावेज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की ओर जा रहे 29 वर्षीय भारतीय नागरिक विजय पगरानी और उनकी 35 वर्षीय पेरूवियन साथी मारी नताली मिरांडा एस्पिनोजा की एसयूवी को हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने बीच सड़क पर घेरकर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। इस हिंसक हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि हमलावर वाहन से आभूषणों व कीमती सामान से भरे ब्रीफकेस और सूटकेस लूटकर फरार हो गए।
यह घटना स्थानीय समयानुसार सुबह करीब साढ़े छह बजे कैलाओ के ला पेरला स्थित सांता रोजा पहाड़ी और कोस्टा वर्डे मार्ग के पास घटित हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि करीब आठ से दस नकाबपोश अपराधी तीन से अधिक वाहनों में सवार होकर पहले से ही पीड़ितों की काली एसयूवी का पीछा कर रहे थे।
मौका मिलते ही बदमाशों ने चारों तरफ से गाड़ी को घेरकर रास्ता रोका और वाहन की खिड़कियों व ढांचे पर 30 से अधिक राउंड फायरिंग की। गोलियों की बौछार और कांच टूटने से कार में सवार दोनों लोगों को संभलने का अवसर तक नहीं मिला। इसके बाद हमलावरों ने जबरन दरवाजे खोलकर गाड़ी से आभूषणों से भरा सफेद ब्रीफकेस, सूटकेस और पर्स निकाल लिए और अपनी गाड़ियों में सवार होकर बंदरगाह क्षेत्र की दिशा में भाग निकले।

