महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी 2026: मलेशिया को 6-2 से हराकर फाइनल में पहुंचा भारत

Hockey

नई दिल्ली। महिला एशियाई हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2026 में भारतीय महिला टीम का अजेय अभियान जारी है और उसने मलेशिया को 6-2 के बड़े अंतर से मात देकर टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्थित इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में मेजबान भारत ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया और विपक्षी टीम पर दबाव बनाए रखा। इस जीत के साथ भारतीय टीम अब खिताबी मुकाबले में चीन के सामने उतरेगी, जिसने दूसरे सेमीफाइनल में जापान को शिकस्त दी है।

मुकाबले की शुरुआत से ही भारतीय खिलाड़ियों ने तेजी और तालमेल का शानदार नमूना पेश किया। शुरुआती मिनटों में एक प्रयास के वीडियो रेफरल में अमान्य होने के बावजूद भारत ने धैर्य बनाए रखा और 10वें मिनट में मुमताज खान ने नजदीकी मूव को गोल में बदलकर टीम का खाता खोला। दूसरे क्वार्टर में भारत की लय और तेज हुई, जब 18वें मिनट में नवनीत कौर ने बेहतरीन प्रयास से बढ़त को दोगुना कर दिया। इसके बाद टूर्नामेंट में शानदार फॉर्म में चल रही दीपिका ने 25वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर सटीक निशाना साधते हुए स्कोर 3-0 पहुंचाया। मलेशिया ने 27वें मिनट में नूर अजहर के गोल से अंतर कम करने की कोशिश जरूर की, लेकिन 30वें मिनट में दीपिका ने एक और पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर हाफ टाइम तक भारत को 4-1 की मजबूत बढ़त दिला दी।

मध्यांतर के बाद भी भारतीय टीम ने आक्रामक तेवर ढीले नहीं पड़ने दिए और 33वें मिनट में सुनेलिता टोप्पो ने गोल दागकर स्कोर 5-1 कर दिया। चौथे और अंतिम क्वार्टर में मलेशिया की नूरअमिराह जुल्किफली ने 52वें मिनट में एक गोल कर अंतर घटाया, लेकिन 57वें मिनट में इशिका ने शानदार फिनिश के साथ भारत का छठा गोल दागकर मुकाबला पूरी तरह एकतरफा बना दिया। पूरे टूर्नामेंट में अपराजेय रहते हुए भारत ने यह मुकाबला 6-2 से अपने नाम किया।

इस शानदार जीत के साथ भारतीय महिला हॉकी टीम छठी बार महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में पहुंची है। इससे पहले भारत 2016, 2023 और 2024 में खिताब जीत चुका है। अब फाइनल में चीन को हराकर भारत के पास टूर्नामेंट का चौथा खिताब जीतने और लगातार तीसरी बार चैंपियन बनने का ऐतिहासिक मौका है। उधर, दिन के पहले सेमीफाइनल में चीन ने जापान को 1-0 से हराकर फाइनल का टिकट कटाया, जिसमें निर्णायक गोल मैच के अंतिम क्षणों में झांग हेयांग ने किया। वहीं, पांचवें स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में दक्षिण कोरिया ने थाईलैंड को 4-1 से पराजित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *