ट्रंप के मार-ए-लागो रिसॉर्ट में घुसपैठ मामले को लेकर एफबीआई का एक्शन, बारीकियों से कर रही जांच

Resort

नई दिल्ली। अमेरिका के फ्लोरिडा में मौजूद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के लग्जरी रिसॉर्ट Mar-a-Lago में सुरक्षा में सेंध का मामला सामने आया है. रविवार देर रात एक शख्स ने रिसॉर्ट में अवैध रूप से घुसने की कोशिश की, जिसके बाद अमेरिकी सीक्रेट सर्विस के जवानों ने उसे गोली मार दी. इस कार्रवाई में उस व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई. जानकारी के मुताबिक, राष्ट्रपति ट्रंप घटना के वक्त रिसॉर्ट में मौजूद नहीं थे.

जानकारी के मुताबिक, घटना रात करीब 1:30 बजे हुई. करीब 20 साल का एक संदिग्ध युवक रिसॉर्ट के एक सुरक्षित गेट के पास पहुंचा और जबरन अंदर घुसने की कोशिश करने लगा. सुरक्षा में तैनात सीक्रेट सर्विस एजेंट्स ने पहले उसे रुकने की चेतावनी दी, लेकिन वो नहीं माना. खतरे को देखते हुए एजेंट्स ने तुरंत कार्रवाई की और उसे गोली मार दी. अधिकारियों ने बताया कि मारे गए व्यक्ति के पास हथियार और ज्वलनशील सामग्री मौजूद थी, जिससे ये आशंका जताई जा रही है कि वो किसी गंभीर वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहा था. हालांकि, उसकी पहचान और मकसद को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है.

इस घटना में किसी भी सुरक्षाकर्मी या आम नागरिक के घायल होने की सूचना नहीं है. सीक्रेट सर्विस के जिन एजेंट्स ने फायरिंग की, उन्हें नियमों के तहत प्रशासनिक अवकाश पर भेज दिया गया है, ताकि पूरी घटना की निष्पक्ष जांच की जा सके. रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना के समय डोनाल्ड ट्रंप मार-ए-लागो में मौजूद नहीं थे. वो उस वक्त वॉशिंगटन डीसी में थे. इसके बावजूद, इस घटना ने अमेरिका में राष्ट्रपति की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल, एफबीआई और स्थानीय पुलिस मिलकर इस पूरे मामले की जांच कर रही है. जांच एजेंसियां ये पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि आरोपी अकेला था या किसी साजिश का हिस्सा. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *