नई दिल्ली। ईरान में 50 दिन बाद घरेलू उड़ान सेवाएं फिर शुरू होंगी। 28 फरवरी को यूएस-इजरायल के संयुक्त एयर स्ट्राइक के बाद से ही पाबंदियां लागू थीं। संघर्ष के कारण बंद उड़ानें बुधवार (22 अप्रैल) से बहाल की जाएंगी।
तस्नीम न्यूज एजेंसी ने ईरान एयर के हवाले से इसकी जानकारी दी है। इसमें बताया गया है कि उड़ान की शुरुआत तेहरान से मशहद रूट पर होगी। आवागमन दोनों होगा।
घरेलू उड़ानों की शुरुआत तेहरान से मशहद रूट पर होगी। इसी दिन इस रूट पर आने-जाने दोनों दिशा में उड़ानें संचालित की जाएंगी।
एजेंसी के अनुसार पहली फ्लाइट 3502 सुबह 10:00 बजे तेहरान से मशहद के लिए रवाना होगी, और वापसी की फ्लाइट 3503 उसी दिन दोपहर 12:30 बजे मशहद से तेहरान के मेहराबाद हवाई अड्डे के लिए रवाना होगी।
करीब 50 दिनों से बंद उड़ान सेवाओं के बाद यह फैसला देश में हालात के धीरे-धीरे सामान्य होने का संकेत माना जा रहा है।
बीते शनिवार (18 अप्रैल) ही ईरान ने देश के कुछ हिस्सों से अंतर्राष्ट्रीय फ्लाइट्स को जाने की इजाजत देने का ऐलान किया था। नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने कहा कि ईरान ने अपने हवाई क्षेत्र को आंशिक रूप से उन अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए फिर से खोल दिया है, जो उसके क्षेत्र के पूर्वी हिस्से से होकर गुजरती हैं। ईरान में, इजरायल और अमेरिका के 28 फरवरी को किए गए हमलों के बाद शुरू हुए युद्ध के चलते एयरस्पेस बंद कर दिया गया था।
प्राधिकरण की ओर से जारी बयान में कहा गया, ईरान के हवाई क्षेत्र के पूर्वी हिस्से में हवाई मार्ग अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए खुले हैं। साथ ही कई हवाई अड्डे भी फिर से खोल दिए गए हैं। ईरान की ओर से हवाई क्षेत्र खोले जाने के बावजूद एयरलाइंस ने एहतियात बरती। फ्लाइट ट्रैकर वेबसाइट्स ने दावा किया था कि एयर स्पेस खोले जाने के शुरुआती घंटों में इंटरनेशनल फ्लाइट्स ने उड़ान भरने से परहेज किया था।

