नई दिल्ली। फुटबॉल दुनिया का सबसे लोकप्रिय खेल है। फुटबॉल के सबसे बड़े वैश्विक इवेंट, फीफा विश्व कप 2026, की शुरुआत 11 जून से हो रही है। विश्व कप के नजदीक आते ही इसका रोमांच न सिर्फ हिस्सा ले रही टीमों के खिलाड़ियों पर देखने को मिल रहा है, बल्कि दुनियाभर के फुटबॉल फैंस अपनी पसंदीदा टीम और खिलाड़ियों के पक्ष में लामबंद होने लगे हैं। फुटबॉल विश्व कप आए और ब्राजील का जिक्र न हो, ऐसा नहीं हो सकता।
ब्राजील सबसे ज्यादा विश्व कप जीतने वाली टीम है। फुटबॉल का इतिहास पेले सहित कई असाधारण ब्राजीली खिलाड़ियों से भरा पड़ा है जिन्होंने इस खेल को समृद्ध बनाया है और दुनियाभर में लोकप्रिय बनाने में बड़ी भूमिका निभाई है। लेकिन, जिस तरह हर टीम का डाउनफॉल आता है, ब्राजील का भी आया है। सर्वाधिक 5 बार (1958, 1962, 1970, 1994, 2002) विश्व कप जीतने वाली ब्राजील 2002 के बाद से कभी ट्रॉफी नहीं उठा पाई है।
अमेरिका, मैक्सिको और कनाडा की सह-मेजबानी में आयोजित हो रहे फीफा विश्व कप 2026 के लिए ब्राजील ने अपनी टीम की घोषणा कर दी है। ब्राजील छठी बार खिताब जीतने के लिए मैदान पर जोश दिखाने को तैयार है। इस बार जिस स्टार खिलाड़ी से टीम को सबसे ज्यादा उम्मीदें हैं, वे हैं विनिसियस जूनियर।
12 जुलाई 2000 को साओ गोंकालो में जन्मे विनिसियस जूनियर का पूरा नाम विनिसियस जोस पैक्सो डी ओलिवेरा जूनियर है। वह विनिसियस जूनियर या विनी जूनियर के नाम से लोकप्रिय हैं। अपने प्रोफेशनल करियर में रियल मैड्रिड के लिए खेलने वाले विनिसियस जूनियर ने 2019 में ब्राजील राष्ट्रीय टीम के लिए डेब्यू किया था। वह फॉरवर्ड के रूप में खेलते हैं और अपनी गति, तकनीक, और ड्रिबलिंग क्षमता के लिए जाने जाते हैं। विनिसियस को मौजूदा समय के उन बेहतरीन फॉरवर्ड खिलाड़ियों में गिना जाता है, जो अकेले दम मैच का रुख अपनी टीम के पक्ष में करने में समर्थ हैं।
विनिसियस ने प्रोफेशनल फुटबॉल में रियल मैड्रिड के लिए कई बार असाधारण प्रदर्शन करते हुए जीत की यादगार कहानी लिखी है। विश्व कप 2026 में उनके पास अपने देश के लिए यादगार प्रदर्शन करने और 24 साल बाद खिताब दिलाने का मौका है। उनके पास अपने करिश्माई खेल के दम पर ब्राजील को उसका गौरव लौटाते हुए चैंपियन बनाने के साथ ही पूरी दुनिया में बड़ी लोकप्रियता हासिल करने का भी मौका है। ब्राजील के लिए खेले 47 मैचों में वह 8 गोल कर चुके हैं। विनिसियस कतर में खेले गए विश्व कप 2022 में भी ब्राजील टीम का हिस्सा थे और टीम को क्वार्टर फाइनल तक पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई थी।

