इंग्लैंड आठवें नंबर की टीम और इसी तरह खेल भी रही: स्टुअर्ट ब्रॉड

Board

नई दिल्ली। इंग्लैंड के पूर्व तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड ने वनडे विश्व कप से पहले गेंदबाजी को मजबूत बनाने के लिए टीम से एक अतिरिक्त तेज गेंदबाज खिलाने की अपील की है। ब्रॉड ने कहा कि भारत के खिलाफ एजबेस्टन में खेले गए पहले वनडे में मिली हार ने इंग्लैंड की कमियां उजागर कर दी हैं।

ब्रॉड ने बुधवार को मैच के बाद कहा, “इंग्लैंड वर्ल्ड रैंकिंग में आठवें नंबर पर है और आठवें नंबर की तरह ही खेल रहा है। उन्हें खिलाड़ियों के रोल में और अनुभव लाने की जरूरत है। एजबेस्टन में हार के बाद, एक और सीमर खिलाने की सोच में बदलाव हो सकता है।”

उन्होंने कहा कि इंग्लैंड को अपनी तेज गेंदबाजी विकल्पों की कमी को तुरंत ठीक करना चाहिए। दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में होने वाले वनडे विश्व 2027 को देखते हुए ये बेहद अहम है।

ब्रॉड ने कहा, “दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में अगला वनडे विश्व कप होना है। वहां तेज गेंदबाज अहम होंगे। टीम में स्पिनर के रूप में राशिद, डॉसन और विल जैक्स हैं। बेथेल और रूट भी पार्ट-टाइम स्पिन के विकल्प हैं, ऐसे में मैं स्पिनरों में से एक के बजाय एक अतिरिक्त तेज गेंदबाज खिलाना चाहूंगा। इससे उस गेंदबाज को मैच के हालात का अनुभव और एक्सपोजर मिलेगा।”

पूर्व तेज गेंदबाज ने कहा, “विकेट के लिए जोफ्रा आर्चर पर ज्यादा निर्भर रहना ठीक नहीं है। टीम का गेंदबाजी आक्रमण संतुलन होना चाहिए, जो बीच के ओवरों में विकेट ले सके। टंग विकेट ले सकता है। राशिद विकेट ले सकता है। लेकिन मुझे लगता है कि इंग्लैंड को उस ग्रुप को सपोर्ट करने के लिए एक और तेज गेंदबाज की जरूरत है। टीम ब्रायडन कार्स, गस एटकिंसन या साकिब महमूद का इस्तेमाल कर रही है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *