नवी मुंबई में एक कंपनी में लगी भीषण आग, दमकल की 7-8 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं

Fire

नई दिल्ली। नवी मुंबई के रबाले एमआईडीसी क्षेत्र में रविवार सुबह एक कंपनी में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। यह घटना प्लॉट नंबर 823 स्थित कंपनी में हुई। आग की लपटें उठने के साथ ही पूरे इलाके में धुएं का घना गुबार फैल गया।

घटना की जानकारी मिलते ही नवी मुंबई दमकल विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल की करीब 7 से 8 गाड़ियां घटनास्थल पर भेजी गईं। दमकलकर्मी आग को नियंत्रित करने में जुटे हुए हैं।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कंपनी में स्पंज बनाने का काम किया जाता था। ज्वलनशील सामग्री के कारण आग तेजी से फैलने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग किस वजह से लगी, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। फिलहाल घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। दमकल विभाग की ओर से आग पर पूरी तरह काबू पाने के साथ-साथ आग लगने के कारणों की जांच भी की जा रही है।

पिछले दिनों, महाराष्ट्र के अमरावती में जिला महिला अस्पताल के नवजात शिशु कक्ष (एनआईसीयू) में भीषण आग लगी थी। इस घटना में तीन नवजात शिशुओं की मौत हुई। बताया गया था कि शुरुआत में अस्पताल की तीसरी मंजिल पर स्थित नवजात शिशु गहन चिकित्सा कक्ष में एक धमाका हुआ था, जिसके बाद आग लग गई। अचानक वेंटिलेटर में यह विस्फोट हुआ था।

नवजात शिशु गहन चिकित्सा कक्ष में 39 नवजात बच्चों को रखा गया था। जैसे ही एनआईसीयू में धुआं और आग फैली, ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर, नर्स और अस्पताल के अन्य कर्मचारियों ने तुरंत प्रभावित वार्ड से नवजातों को बाहर निकालना शुरू कर दिया। वहां मौजूद डॉक्टरों, नर्सों और कर्मचारियों ने अधिकतर बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला और उन्हें आग व धुएं से दूर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। हालांकि, इस घटना में तीनों नवजात बुरी तरह झुलस गए और बाद में उनकी मौत हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *