नई दिल्ली। भारतीय वायुसेना के प्रमुख एयर चीफ मार्शल ए.पी. सिंह ने सोमवार को जोधपुर वायुसेना स्टेशन पर स्वदेशी लड़ाकू विमान तेजस में अपनी अंतिम फाइटर सॉर्टी (लड़ाकू उड़ान) पूरी की। आगामी 31 अक्टूबर को अपनी सेवानिवृत्ति से पहले यह उड़ान भरते हुए उन्होंने एक बार फिर साबित किया कि वे हमेशा अग्रिम पंक्ति में रहकर वायुसेना का नेतृत्व करने में विश्वास रखते हैं।
अंतरराष्ट्रीय वायु सैन्य अभ्यास ‘तरंग शक्ति’ के दौरान ली गई इस ऐतिहासिक उड़ान का एक विशेष वीडियो और तस्वीरें भारतीय वायुसेना द्वारा सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर साझा की गईं। इन तस्वीरों में वायुसेना प्रमुख को मित्र देशों के फाइटर जेट्स और सूर्यकिरण एयरोबेटिक टीम के साथ तालमेल बिठाते हुए आसमान की ऊंचाइयों को नापते देखा जा सकता है।
आईएएफ ने अपनी पोस्ट में वायुसेना प्रमुख के इस भावुक और गर्व महसूस कराने वाले पल को रेखांकित करते हुए लिखा कि एक आखिरी लड़ाकू उड़ान के रूप में स्वदेशी तेजस की कमान संभालना उनके शानदार करियर का एक ऐतिहासिक मील का पत्थर है। यह सफर देश सेवा के प्रति उनकी अटूट निष्ठा, उड़ान के प्रति गहरा जुनून और एक निडर फाइटर पायलट की अद्भुत भावना को प्रदर्शित करता है।

