पश्चिम बंगाल: हावड़ा नगर निगम का अधिकारी 50 लाख रुपए की उगाही मामले में गिरफ्तार

arrest

नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल की पुलिस ने हावड़ा नगर निगम (हावड़ा म्यूनिसिपल कॉरपोरेशन) के एक अधिकारी (लॉ ऑफिसर) और एक एनजीओ पदाधिकारी को हावड़ा शहर के होटल मालिकों, निजी अस्पताल संचालकों और रियल एस्टेट कारोबारियों से लाखों रुपए की कथित उगाही करने के आरोप में गिरफ्तार किया है।

गोलाबाड़ी थाने की पुलिस ने उस एनजीओ के प्रमुख को भी गिरफ्तार किया है, जो कथित तौर पर लॉ ऑफिसर की मदद कर रहा था। पुलिस दोनों आरोपियों से अलग-अलग पूछताछ कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस उगाही के मामले में नगर निगम का कोई और अधिकारी शामिल था या नहीं।

पुलिस के अनुसार, हावड़ा स्टेशन परिसर में स्थित दो प्रसिद्ध होटलों के मालिक आशीष कपूर ने 20 जुलाई को गोलाबाड़ी थाने में हावड़ा नगर निगम के लॉ ऑफिसर और उसके सहयोगी एनजीओ पदाधिकारी के खिलाफ उगाही की शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। होटल कारोबारी आशीष कपूर ने बताया कि 18 जुलाई को एनजीओ संचालक रमेश जायसवाल उनके पास आया और कहा कि उनके होटल की इमारतें अवैध हैं तथा नगर निगम उन्हें गिरा सकता है।

शिकायत के मुताबिक, रमेश जायसवाल ने कहा कि यदि वह नगर निगम के लॉ ऑफिसर सुदर्शन जायसवाल के माध्यम से 50 लाख रुपए दे दें, तो मामला निपटा दिया जाएगा और कोई कार्रवाई नहीं होगी।

आशीष कपूर ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने पैसे देने से इनकार कर दिया तो अगले दिन रमेश जायसवाल फिर आया और उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद 20 जुलाई को शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और बुधवार को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

जांच अधिकारियों को शक है कि दोनों आरोपी करीब 10 साल से इसी तरह का उगाही का गिरोह चला रहे थे।

पुलिस के अनुसार, दोनों कथित तौर पर होटल मालिकों, निजी अस्पताल संचालकों और रियल एस्टेट कारोबारियों को अवैध निर्माण या अन्य कथित अनियमितताओं के नाम पर नगर निगम की कार्रवाई का डर दिखाते थे। फिर कार्रवाई रुकवाने के बदले उनसे मोटी रकम की मांग करते थे।

फिलहाल, पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह भी जांच कर रही है कि इस कथित उगाही नेटवर्क में हावड़ा नगर निगम का कोई अन्य अधिकारी भी शामिल था या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *