मिजोरम में डीआरआई की बड़ी कार्रवाई: 8.64 करोड़ रुपये मूल्य की 43 लाख से अधिक विदेशी सिगरेट जब्त

cigarettes

नई दिल्ली। राजस्व आसूचना निदेशालय (DRI) ने पूर्वोत्तर राज्य मिजोरम में तस्करी के खिलाफ एक बड़ी और सफल कार्रवाई को अंजाम दिया है। केंद्रीय वित्त मंत्रालय के अंतर्गत कार्यरत डीआरआई की आइजोल क्षेत्रीय इकाई के अधिकारियों ने पुख्ता खुफिया सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 8.64 करोड़ रुपये की अनुमानित बाजार कीमत वाली 43.2 लाख विदेशी सिगरेट अवैध रूप से ले जाए जा रहे एक ट्रक को जब्त कर लिया है।

डीआरआई अधिकारियों को तस्करी के जरिए बड़े पैमाने पर विदेशी सिगरेट लाए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। इसके आधार पर चम्फाई-आइजोल मार्ग पर कड़ी निगरानी रखी जा रही थी।

आइजोल की तरफ आ रहे संदिग्ध ट्रक को अधिकारियों ने तुइरियाल गांव के पास रोका। वाहन की गहन तलाशी ली जाने पर उसमें छिपाकर रखी गई विदेशी सिगरेट की भारी खेप बरामद हुई, जिसे कानूनी प्रक्रिया के तहत जब्त कर लिया गया।

पूर्वोत्तर के सीमावर्ती इलाकों (विशेषकर म्यांमार सीमा से लगे क्षेत्रों) के रास्ते होने वाली इस प्रकार की अवैध तस्करी और टैक्स चोरी के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए डीआरआई लगातार अभियान चला रही है। इस मामले में संलिप्त अन्य लोगों की धरपकड़ के लिए आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *