भोपाल रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई, हॉर्लिक्स के डिब्बे और पर्स में छिपाकर ले जाई जा रही 2.96 करोड़ की कोकीन जब्त

cocaine

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बहुत बड़ी सफलता हाथ लगी है। राजस्व खुफिया निदेशालय और रेलवे सुरक्षा बल की संयुक्त टीम ने भोपाल रेलवे स्टेशन पर एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अफ्रीकी देश घाना से जुड़ी एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला के पास से अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगभग 2 करोड़ 96 लाख रुपये मूल्य की कोकीन बरामद की गई है, जिसे बेहद शातिर तरीके से हॉर्लिक्स के डिब्बे और हैंडबैग में छिपाकर ले जाया जा रहा था।

DRI को खुफिया इनपुट मिला था कि घाना की एक नागरिक ट्रेन के जरिए भारी मात्रा में ड्रग्स लेकर चेन्नई से नई दिल्ली की तरफ सफर कर रही है। इस पुख्ता सूचना के आधार पर भोपाल जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर ट्रेन के रुकते ही सुरक्षा एजेंसियों ने उसके कोच को घेर लिया।

अधिकारियों ने संदेह के आधार पर महिला को ट्रेन से नीचे उतारा और उसके सामान की गहनता से तलाशी ली।

जब महिला के कैरी बैग और हैंडपर्स की जांच की गई, तो उसके पास मौजूद हॉर्लिक्स के डिब्बे के अंदर कैप्सूल के आकार के 15 छोटे-छोटे पैकेटों में कोकीन भरी हुई मिली। इसके अलावा, उसके पर्स से एक अन्य बेलनाकार पैकेट भी बरामद हुआ। कुल मिलाकर लगभग 591 ग्राम कोकीन जब्त की गई, जिसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 2.96 करोड़ रुपये आंकी गई है।

शुरुआती पूछताछ में यह बात सामने आई है कि महिला चेन्नई से इस खेप को लेकर दिल्ली जा रही थी। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि चेन्नई में उसे यह कोकीन किसने सौंपी थी और दिल्ली में इसे किस बड़े ड्रग तस्कर या सिंडिकेट तक पहुंचाया जाना था।

आरोपी महिला के खिलाफ स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम, 1985 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि इस विदेशी महिला से पूछताछ के बाद देश के कई राज्यों में फैले एक अंतराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क के बड़े राज खुल सकते हैं, जिसको लेकर लगातार कड़ाई से पूछताछ जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *