दिव्यांग बच्चों ने मध्य प्रदेश विधानसभा की कार्यवाही देखी

Disabled

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर की पहल पर राजधानी के दो संस्थाओं के दिव्यांग बच्चों ने विधानसभा की कार्यवाही देखी। इतना ही नहीं इन दिव्यांग बच्चों ने विधानसभा का भी भ्रमण किया।

राजधानी भोपाल के दो अलग-अलग संस्थानों के दिव्यांग बच्चों ने बुधवार को विधानसभा परिसर का भ्रमण किया। विधानसभा में निजी विश्विद्यालय संशोधन विधेयक की बहस का दर्शक दीर्घा में बैठकर अवलोकन किया। आयुक्त दिव्यांगजन डॉ. अजय खेमरिया के आग्रह पर विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने दिव्यांग बच्चों के लिए विधानसभा के दरवाजे खोलने के निर्देश दिए।

समर्थनम ट्रस्ट एवं शासकीय दृष्टि एवं वाक बाधित स्कूल के 24 बच्चों ने परिसर का अवलोकन कराया। भ्रमण के पश्चात अध्यक्ष तोमर ने दिव्यांग बच्चों के साथ कांफ्रेंस हाल में संवाद किया और संसदीय व्यवस्था को लेकर सवाल पूछे। बच्चों ने बताया कि टीवी पर संसद की कार्यवाही देखते थे। आज यहां आकर प्रत्यक्ष देखने को अवसर मिला है। यह उनके लिए अदभुत और प्रेरक प्रसंग है। विधानसभा की दर्शक दीर्घा में बच्चों के लिए इन्टरप्रिटर की व्यवस्था भी की गई थी।

इस अवसर पर आयुक्त दिव्यांगजन डॉ. अजय खेमरिया ने आयुक्त कार्यालय के वार्षिक प्रतिवेदन की प्रति विधानसभा अध्यक्ष को भेंट की। साथ ही प्रदेश सरकार द्वारा दिव्यांगजन कल्याण और सशक्तिकरण के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों की जानकारी भी दी। विधानसभा अध्यक्ष तोमर के स्वागत में दृष्टि बाधित बालिकाओं द्वारा गीत का गायन किया गया।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष तोमर ने कहा कि ऐसे शैक्षणिक एवं प्रेरणादायी भ्रमण कार्यक्रमों का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों में लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता विकसित करना, उन्हें शासन व्यवस्था से जोड़ना तथा आत्मविश्वास का विकास करना है, जिससे वे भविष्य में समाज की मुख्यधारा में सक्रिय एवं सशक्त भूमिका निभा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *