फीफा वर्ल्ड कप: दिल्ली में फैंस के नाम होगी फाइनल की रात, सुबह 4 बजे तक खुलेंगे रेस्टोरेंट और कैफे

Fifa

नई दिल्ली। फीफा वर्ल्ड कप की मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना इतिहास रचने से बस एक जीत दूर है। रविवार देर रात (भारतीय समय के अनुसार) मेटलाइफ स्टेडियम में खिताबी मैच खेला जाएगा, जिसमें यूरोपीय चैंपियन स्पेन पर जीत से लियोनेल स्कालोनी की टीम साल 1962 में ब्राजील के बाद वर्ल्ड कप का खिताब सफलतापूर्वक बचाने वाली पहली टीम बन जाएगी। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इसे एक ऐसा मुकाबला बताया है, जिसे पीढ़ियां याद रखेंगी। इस मुकाबले के लिए राजधानी के रेस्टोरेंट और कैफे सुबह 4 बजे तक फैंस के लिए खुले रहेंगे।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “हर फुटबॉल फैन ने लियोनेल मेसी को इतिहास बनाते देखा है। अब, इतिहास में एक और कहानी जुड़ने जा रही है। एक लीजेंड। एक युवा टैलेंट। एक ट्रॉफी। एक ऐसी रात जिसे पीढ़ियां याद रखेंगी। दिल्ली उस रात के लिए तैयार है।”

उन्होंने कहा, “हमारी सरकार के ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ सुधारों के तहत शहर में 24×7 बिजनेस-फ्रेंडली सिस्टम पहले से ही लागू है। इसलिए, इस वीकेंड राजधानी के रेस्टोरेंट, कैफे और अन्य योग्य जगहें सुबह 4 बजे तक फैंस का स्वागत कर सकती हैं, जिससे शहर के लोग मिलकर फुटबॉल की इस सबसे बड़ी रात का लुत्फ उठा सकेंगे।”

फाइनल तक अर्जेंटीना का सफर बिल्कुल भी आसान नहीं रहा है। इसमें शानदार जीत, जबरदस्त वापसी, एक्स्ट्रा-टाइम के कड़े मुकाबले और सबसे बढ़कर, लियोनेल मेसी का एक और यादगार टूर्नामेंट शामिल रहा है।

39 वर्षीय कप्तान ने टूर्नामेंट में सर्वाधिक गोल (8) करने वालों की सूची में शीर्ष स्थान हासिल किया है। वह एक बार फिर अर्जेंटीना के अभियान की मुख्य ताकत बने हैं। इस सफर में, उन्होंने मिरोस्लाव क्लोज के लंबे समय से चले आ रहे रिकॉर्ड को भी तोड़कर अपने करियर में 21 गोल के साथ फीफा वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए।

अर्जेंटीना इस टूर्नामेंट की सबसे आक्रामक टीम भी रही है, जिसने 7 मुकाबलों में 19 गोल किए हैं। इसमें कप्तान के साथ-साथ लुटारो मार्टिनेज, एन्जो फर्नांडीज, जूलियन अल्वारेज, एलेक्सिस मैक एलिस्टर और जियोवानी लो सेल्सो ने भी अहम योगदान दिया है।

अब अर्जेंटीना और इतिहास के बीच सिर्फ स्पेन खड़ा है। फाइनल में भी दिलचस्प रणनीतिक मुकाबला देखने को मिलेगा। अर्जेंटीना टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा 19 गोल करने वाली टीम के तौर पर फाइनल में पहुंची है, जबकि स्पेन का डिफेंस सबसे मजबूत है; उन्होंने सात मुकाबलों में सिर्फ एक गोल खाया है।

ये मेसी का आखिरी वर्ल्ड कप भी हो सकता है। ऐसे में अर्जेंटीना इस दिग्गज के लिए एक और खिताब जीतना चाहेगी। अगर ऐसा होता है, तो अर्जेंटीना, इटली और ब्राजील के बाद फीफा वर्ल्ड कप खिताब का सफलतापूर्वक बचाव करने वाला तीसरा देश बनेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *