कांग्रेस की राज्यसभा प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन ने दाखिल किया नामांकन पत्र

meenakshi

भोपाल। मध्य प्रदेश में हो रहे राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की अधिकृत उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन ने पार्टी के तमाम बड़े नेताओं की मौजूदगी में नामांकन पत्र दाखिल किया। साथ ही कांग्रेस का दावा है कि पूरी पार्टी एकजुट है और मीनाक्षी नटराजन की जीत होगी।

राज्य में राज्यसभा की तीन सीटों के लिए चुनाव हो रहे हैं और सोमवार को नामांकन पत्र दाखिल करने का अंतिम तक दिन था। कांग्रेस की अधिकृत प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन ने पार्टी कार्यालय से विधानसभा में पहुंचकर नामांकन पत्र भरने की प्रक्रिया पूरी की।

नामांकन पत्र भरने की प्रक्रिया के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी कहा कि भाजपा के पास तीसरा राज्यसभा सांसद चुनने के लिए आवश्यक संख्या नहीं है, फिर भी उसने तीसरे उम्मीदवार का नामांकन दाखिल कर लोकतंत्र को खरीद-फरोख्त और दबाव की राजनीति करने की कोशिश की है, लेकिन भाजपा यह जान ले कि कांग्रेस के सभी विधायक पूरी तरह एकजुट हैं। हम लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए मजबूती से खड़े हैं और मीनाक्षी नटराजन को राज्यसभा भेजकर भाजपा की इस राजनीति को करारा जवाब देंगे।

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कांग्रेस की विचारधारा की चर्चा करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी महात्मा गांधी की विचारधारा पर चलने वाली पार्टी है। यह केवल मीनाक्षी नटराजन की लड़ाई नहीं, बल्कि विचारधारा, लोकतांत्रिक मूल्यों और जनता के अधिकारों की लड़ाई है। हमें पूर्ण विश्वास है कि कांग्रेस का उम्मीदवार विजयी होगा।

राज्यसभा उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन ने कहा कि भाजपा का असली चरित्र उजागर हो रहा है। नारी वंदन के प्रति उनका विश्वास आज सभी के सामने है। यह संविधान की लड़ाई है और संविधान की जीत होगी। सभी विधायक एकजुटता से साथ है।

इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि मीनाक्षी नटराजन की जीत होगी और उनके व्यापक राजनीतिक अनुभव, संगठनात्मक क्षमता और जनहित के मुद्दों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता राज्यसभा में प्रदेश एवं देश की जनता की आवाज को प्रभावी ढंग से उठाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *