नई दिल्ली। अमेरिका के वित्त विभाग द्वारा अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी घोषित किए गए लश्कर-ए-तैयबा के वरिष्ठ कमांडर और हाफिज सईद के करीबी मुहम्मद सरवर (उर्फ अबू हाशिम) की पाकिस्तान के लाहौर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मिली जानकारी के अनुसार, रविवार को मरकज कादसिया स्थित मस्जिद में नमाज अदा करने जाते समय वह अचानक सीढ़ियों से गिर गया, जिससे सिर में आई गंभीर चोट के कारण उसकी जान चली गई। उसके संबद्ध संगठन ‘पाकिस्तान मरकजी मुस्लिम लीग’ (PMML) ने उसकी मौत की पुष्टि की है।
मुहम्मद सरवर एक दशक से भी अधिक समय तक लाहौर में प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के वित्तीय मामलों का प्रमुख कर्ता-धर्ता रहा। वह व्यापारियों से लश्कर के लिए दान जुटाने और अवैध फंड एकत्र करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता था।
आतंकी गतिविधियों और वित्तीय नेटवर्क को ध्वस्त करने के उद्देश्य से अमेरिकी विदेश व वित्त विभाग ने वर्ष 2016 में मुहम्मद सरवर और उसके सहयोगी शाहिद महमूद को आधिकारिक तौर पर ‘विशेष रूप से निर्दिष्ट वैश्विक आतंकवादी’ घोषित किया था।
26/11 मुंबई आतंकी हमले के मुख्य साजिशकर्ता हाफिज सईद के संगठन जमात-उद-दावा (JuD) के राजनीतिक पंख कहे जाने वाले संगठन ‘पाकिस्तान मरकजी मुस्लिम लीग’ (PMML) में सरवर पंजाब प्रांत के अध्यक्ष पद पर तैनात था।
पिछले कुछ समय में पाकिस्तान के भीतर भारत-विरोधी आतंकवादी संगठनों से जुड़े कई शीर्ष कमांडरों, वांछित आतंकियों और हाफिज सईद के सहयोगियों की संदिग्ध और रहस्यमय परिस्थितियों में मौतों का सिलसिला लगातार जारी है, जिसमें सरवर का नाम भी शामिल हो गया है।

