भोपाल के शौर्य स्मारक की डिजिटल लाइब्रेरी बताएगी स्वतंत्रता का गौरवशाली इतिहास

Shaurya

भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शुक्रवार को भोपाल स्थित शौर्य स्मारक में भारत माता की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर नमन किया और नवनिर्मित डिजिटल लाइब्रेरी का शुभारंभ किया। यह ऐसी लाइब्रेरी है, जो भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के गौरवशाली इतिहास की कहानी बताएगी।

इस अवसर पर उन्होंने भारतीय स्वतंत्रता के गौरवशाली इतिहास से जुड़ी डिजिटल सामग्री एवं लाइब्रेरी की अन्य व्यवस्थाओं का अवलोकन कर जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर ‘हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा’ अभियान पूरे देश में राष्ट्रभक्ति और जनभागीदारी का उत्सव बन गया है। हर राज्य, हर नगर और हर जिले में तिरंगा शान से लहरा रहा है।

विभाजन विभीषिका दिवस को याद करते हुए सीएम मोहन यादव ने कहा कि आज विभाजन विभीषिका दिवस पर हम उस दर्दनाक दौर को भी स्मरण करते हैं, जब विभाजन के दौरान बड़ी संख्या में लोग अपना घर-बार छोड़कर भारत और पाकिस्तान की ओर पलायन करने को विवश हुए। उस समय की पीड़ा और कठिन परिस्थितियों को याद कर आज भी मन व्यथित हो उठता है। इतिहास की उस त्रासदी से सीख लेते हुए आइए एकता, भाईचारे और अखंड राष्ट्रीय भावना को और मजबूत करने का संकल्प लें।

इससे पहले सीएम मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर 1947 के बंटवारे में हुई हिंसा और विस्थापन के पीड़ितों को याद किया और श्रद्धांजलि दी। उन्होंने एक्स पर लिखा, ”विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर भारत के विभाजन की पीड़ा में प्राण गंवाने वाले पुण्यात्माओं को सादर नमन करता हूं। विभाजन की त्रासदी मानवता की रक्षा, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता के महत्व का सदैव स्मरण कराती है। आइए, हम सभी राष्ट्र की एकता व अखंडता को सुदृढ़ बनाने के प्रयासों में सहभागिता का संकल्प लें।”

स्वाधीनता दिवस से एक दिन पहले राज्य के अलग-अलग हिस्सों में तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है। इस आयोजन को लेकर हर वर्ग में खासा उत्साह है, और बड़ी संख्या में लोग इसमें हिस्सा ले रहे हैं। राजधानी में कई किलोमीटर लंबी यात्रा निकाली जा रही है, जिसमें राज्य के मुख्यमंत्री मोहन यादव भी शामिल हुए। इस आयोजन में स्कूली बच्चे तिरंगा यात्रा पर पुष्प वर्षा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *