शिवपुरी: दो बहनों के अटूट प्रेम और अवसाद की खौफनाक परिणति, बच्चों संग कुएं में छलांग लगाने से 6 की मौत

death

शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले से एक अत्यंत दुखद और हृदयविदारक घटना सामने आई है, जिसने पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ा दी है। एक-दूसरे से अटूट लगाव रखने वाली दो सगी बहनों ने अलग-अलग स्थानों पर अपने मासूम बच्चों के साथ कुएं में छलांग लगाकर आत्मघाती कदम उठा लिया। इस दर्दनाक घटनाक्रम में दोनों बहनों और चार मासूम बच्चों सहित कुल 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक मृतका के गर्भ में पल रहे अजन्मे शिशु की भी जान चली गई।

बुधवार को पहली घटना बैराड़ थाना क्षेत्र के गूंगरगांव में सामने आई। 35 वर्षीय अंजलि रावत, जो कि 8 महीने की गर्भवती थीं, अपने 6 साल के बेटे प्रशांत को साथ लेकर खेत में बने कुएं में कूद गईं।

बताया जा रहा है कि अंजलि अपनी तीन बेटियों को भी साथ ले गई थीं। हालांकि, सबसे बड़ी बेटी मोनिका ने सूझबूझ दिखाते हुए अपना हाथ छुड़ा लिया और अपनी दो छोटी बहनों को बचाते हुए तुरंत घर भागकर परिजनों को सूचना दी।

परिजन जब तक मौके पर पहुंचे और दोनों को बाहर निकाला, तब तक अंजलि और उनके बेटे प्रशांत की सांसें थम चुकी थीं। अंजलि के पति धर्मवीर सिंह रावत की डेढ़ महीने पहले एक सड़क हादसे में मृत्यु हो गई थी, जिसके बाद से वह गहरे मानसिक अवसाद से गुजर रही थीं।

अंजलि की मौत की खबर फैलते ही कोलारस क्षेत्र के सेसाई गांव की रहने वाली उनकी बड़ी बहन 40 वर्षीय सीता रावत गहरे सदमे में चली गईं। सीता अपने तीन बच्चों-राखी (14), प्रियंका (11) और श्लोक (6) के साथ खोनकर गांव स्थित खेत में चली गईं। चप्पलों और शव से हुआ खुलासा: शाम तक जब सीता और बच्चे घर वापस नहीं लौटे, तो चिंतित परिजनों ने खोजबीन शुरू की। खेत में बने कुएं के बाहर चप्पलें और पानी की सतह पर बच्चे का शव तैरता देख परिजनों के होश उड़ गए।

सूचना पर पहुंची पुलिस और रेस्क्यू टीम ने रात करीब 11 बजे कड़ी मशक्कत के बाद सीता और उनके तीनों बच्चों के शवों को पानी से बाहर निकाला।

रिश्तेदारों के अनुसार, दोनों बहनों के बीच गहरा भावात्मक लगाव था और वे आपस में लगातार संपर्क में रहती थीं। अंजलि के आकस्मिक निधन और आत्मघाती कदम के दुख को बड़ी बहन सीता सहन नहीं कर सकीं और उन्होंने भी अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर लिया है। शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है और पुलिस दोनों घटनाओं के सभी वैधानिक तथा तकनीकी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है। इस एक साथ हुई सामूहिक मौतों से दोनों गांवों में सन्नाटा पसरा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *