नई दिल्ली। कीव में बुधवार रात रूसी मिसाइल हमले में दो लोगों की मौत हो गई। यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लोदिमिर जेलेंस्की ने दावा किया कि रूस ने 13 मिसाइलें दागीं, जिनमें आठ बैलिस्टिक मिसाइलें थीं, और 151 ड्रोन भी इस्तेमाल किए। जेलेंस्की ने कहा कि मॉस्को बैलिस्टिक मिसाइलों के जरिए डर फैलाने की कोशिश कर रहा है।
यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लोदिमिर जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, ”पिछली रात रूस के मिसाइल हमले में कीव में दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। मैं उनके परिवारों और प्रियजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। पांच लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक बच्चा भी शामिल है।”
जेलेंस्की ने कहा कि रूसी हमले में एक रिहायशी ऊंची इमारत, गोदाम और कई वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। खारकीव क्षेत्र में हुए रूसी हमलों में चार लोग घायल हुए हैं। इस इलाके पर ड्रोन और गाइडेड एयर बम से हमला किया गया। कई आम लोगों के घर और पूरी तरह नागरिक इस्तेमाल की जगहों को नुकसान पहुंचा है, जिनमें एक सिनेमा हॉल और टेनिस कोर्ट भी शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि सूमी में एक सार्वजनिक पार्क पर हमला किया गया, जबकि उसी क्षेत्र में ट्रैक्टरों के एक दल को भी निशाना बनाया गया। जापोरिज्जिया में कई अपार्टमेंट इमारतों को नुकसान पहुंचा है। वहीं, विनित्सिया, झितोमिर, मायकोलाइव और दोनेत्स्क क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था से जुड़ी सुविधाओं को भी नुकसान पहुंचा है।
यूक्रेनी राष्ट्रपति ने बताया कि कुल मिलाकर, रूस ने 13 मिसाइलें दागीं, जिनमें आठ बैलिस्टिक मिसाइलें थीं, और 151 ड्रोन भी इस्तेमाल किए। जुलाई महीने में ही यह कीव पर बैलिस्टिक मिसाइलों से किया गया छठा हमला है।
उन्होंने कहा कि मॉस्को अब भी बैलिस्टिक मिसाइलों के जरिए डर फैलाने की कोशिश कर रहा है और लगातार हमले कर रहा है। अब सबसे जरूरी है कि हमारी हवाई सुरक्षा के लिए इंटरसेप्टर मिसाइलों की आपूर्ति तेज की जाए। हर सहायता पैकेज अहम है, और हमारे साझेदारों के साथ जो भी समझौते हुए हैं, उनका सामान समय पर पहुंचना चाहिए। इनकी समय पर डिलीवरी से लोगों की जान बचाने में मदद मिलती है और रूस के हमलों का असर कम होता है।

