दिल्ली में मौसम की दोहरी मार, 15.3°C न्यूनतम तापमान के साथ दर्ज हुई 3 साल में सबसे सर्द सुबह

Weather

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गुलाबी ठंड की आहट के बीच मौसम ने करवट बदल ली है। मंगलवार की सुबह दिल्लीवासियों को हल्की ठिठुरन का अहसास हुआ, जहाँ न्यूनतम तापमान 15.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह पिछले तीन वर्षों (अक्टूबर माह) में दर्ज किया गया सबसे कम न्यूनतम तापमान है।

एक तरफ जहाँ तापमान में गिरावट आई है, वहीं दूसरी तरफ दिल्ली की वायु गुणवत्ता में भी गिरावट देखी गई और शाम चार बजे केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 197 (मध्यम से खराब श्रेणी के ठीक मुहाने पर) दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग में न्यूनतम पारा सामान्य से 1.9 डिग्री सेल्सियस कम रहा। इससे पहले 27 अक्टूबर 2023 को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

सफदरजंग में अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 0.3 डिग्री कम है। वहीं पालम जैसे मौसम केंद्रों पर भी न्यूनतम तापमान 15.5 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा, जो सामान्य से कम है।

‘खराब’ श्रेणी की ओर बढ़ती हवा: दिन ढलने के साथ ही दिल्ली के कई हिस्सों में धुंध का असर बढ़ा। जहांगीरपुरी जैसे अत्यधिक व्यस्त इलाकों में AQI 280 के आंकड़े को पार कर गया, जो चिंताजनक स्थिति को दर्शाता है।

स्थानीय धुएं, हवा की धीमी गति और आस-पास के क्षेत्रों से उठने वाले प्रदूषण के कारण पीएम 2.5 और पीएम 10 के कण हवा में स्थिर होने लगे हैं।

आगामी दिनों के लिए मौसम का पूर्वानुमान:भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, आने वाले दो-तीन दिनों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और हल्की हवाएं चलने की संभावना है। 29 और 30 अक्टूबर के दौरान गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बौछारें पड़ने का अनुमान लगाया गया है, जिससे तापमान में और गिरावट आ सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *