इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के हाई-प्रोफाइल प्रॉपर्टी कारोबारी संतोष तलरेजा और उनकी पत्नी कृतिका तलरेजा को सरोगेसी की आड़ में ब्लैकमेल कर लाखों रुपये ऐंठने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राजमहल कॉलोनी निवासी आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोप है कि महिला सरोगेसी से पैदा हुए बच्चों को सौंपने के एवज में दंपती से अब तक 80 लाख रुपये से अधिक ऐंठ चुकी थी और हाल ही में 1 करोड़ रुपये की और रंगदारी मांग रही थी।
कारोबारी संतोष तलरेजा और उनकी पत्नी कृतिका की पहली बेटी एक स्पेशल चाइल्ड (विशेष बच्चा) है। कृतिका के दोबारा मां न बन पाने की स्थिति में दंपती ने बच्चे के सुख के लिए एक सरोगेट मदर से संपर्क किया था।
आरोपी महिला ने सरोगेसी के जरिए पहली बेटी को जन्म दिया, लेकिन अनुबंध के विपरीत उसने नवजात को तलरेजा दंपती को सौंपने से इनकार कर दिया। इसके बाद दूसरी बार सरोगेसी से बेटा होने पर उसे भी अपने पास ही रख लिया और बच्चों के बहाने कारोबारी से फ्लैट, मोटी फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) और नकदी की मांग करने लगी।
आरोपी महिला स्वयं शादीशुदा है और अपने पति के साथ ही रहती है। हद तो तब हो गई जब उसने अपने जैविक पति से जन्मी बेटी के कागजातों में भी कारोबारी संतोष का नाम दर्ज करवा दिया और कानूनी पचड़ों में फंसाने की धमकियां देने लगी।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (Addl DCP) दीशेष अग्रवाल के अनुसार, परेशान होकर कृतिका तलरेजा ने आरोपी महिला के खिलाफ औपचारिक पुलिस शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या इस सरोगेसी और ब्लैकमेलिंग के नेटवर्क में कोई अन्य कानूनी या मेडिकल बिचौलिया भी शामिल था। इस घटना ने शहर में सरोगेसी के कानूनी और नैतिक पहलुओं को लेकर एक बार फिर बहस छेड़ दी है।

